जेफरी एपस्टीन से रिश्तों पर बिल गेट्स की सफाई, बोले- ‘यह मेरी बहुत बड़ी गलती थी’
प्रमुख उद्योगपति और परोपकारी Bill Gates ने दिवंगत फाइनेंसर और यौन अपराधी Jeffrey Epsteinके साथ अपने संबंधों को लेकर सार्वजनिक रूप से सफाई दी है। गेट्स फाउंडेशन के एक टाउन हॉल कार्यक्रम में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने एपस्टीन से मुलाकात को अपनी “बहुत बड़ी गलती” बताया और इस मामले में खेद जताया।
टाउन हॉल में मांगी माफी
अमेरिकी अखबार The Wall Street Journal की रिपोर्ट के मुताबिक, गेट्स ने स्वीकार किया कि एपस्टीन के साथ समय बिताना और फाउंडेशन के कुछ अधिकारियों को उन बैठकों में शामिल करना गलत निर्णय था। टाउन हॉल की रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया कि गेट्स ने कर्मचारियों से कहा, “मैं अपनी गलती की वजह से जिन लोगों को इसमें घसीटा गया, उनसे माफी मांगता हूं।”
न्याय विभाग के दस्तावेजों में खुलासे
अमेरिका के United States Department of Justice द्वारा जारी दस्तावेजों से यह सामने आया है कि एपस्टीन की सजा पूरी होने के बाद भी गेट्स और एपस्टीन की कई बार मुलाकात हुई थी। इन बैठकों में गेट्स की परोपकारी पहलों के विस्तार पर चर्चा की गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, गेट्स ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे, जिनकी जानकारी बाद में एपस्टीन को हो गई थी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मामलों का एपस्टीन की पीड़ितों से कोई संबंध नहीं था। गेट्स ने कर्मचारियों से कहा, “मैंने कोई अवैध काम नहीं किया और न ही कुछ अवैध होते देखा।”
तस्वीरों को लेकर भी दी सफाई
न्याय विभाग के दस्तावेजों में कुछ तस्वीरें भी शामिल हैं, जिनमें गेट्स महिलाओं के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में महिलाओं के चेहरे धुंधले किए गए हैं।
गेट्स ने स्पष्ट किया कि ये तस्वीरें एपस्टीन के कहने पर उसकी सहायक महिलाओं के साथ एक बैठक के बाद ली गई थीं। उन्होंने दोहराया, “मैंने कभी भी एपस्टीन की पीड़ितों के साथ समय नहीं बिताया।”
इस पूरे प्रकरण को लेकर गेट्स ने इसे अपने जीवन की एक गंभीर भूल बताते हुए कहा कि भविष्य में वह ऐसे किसी भी विवादास्पद व्यक्ति से दूरी बनाए रखेंगे।
