Movie prime

BYJU’S के फाउंडर बायजू रवींद्रन को बड़ा झटका, सिंगापुर कोर्ट ने सुनाई 6 महीने जेल की सजा

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

देश की चर्चित एडटेक कंपनी BYJU'S के संस्थापक Byju Raveendran की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब सिंगापुर की अदालत ने उन्हें बड़ा झटका देते हुए कोर्ट की अवमानना मामले में 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर कोर्ट ने पाया कि बायजू रवींद्रन ने अपनी संपत्तियों और वित्तीय जानकारी से जुड़े कई अदालत के आदेशों का पालन नहीं किया। ये आदेश अप्रैल 2024 से लंबित थे, लेकिन निर्धारित समय के बावजूद जरूरी दस्तावेज और जानकारी अदालत में जमा नहीं की गई। इसी को अदालत ने कोर्ट की अवमानना माना और सख्त फैसला सुनाया।

सरेंडर का आदेश, भारी जुर्माना भी

अदालत ने जेल की सजा के साथ बायजू रवींद्रन को तुरंत अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा कोर्ट ने उन पर S$90,000 यानी करीब 59 लाख रुपये का कानूनी खर्च भी लगाया है।

कोर्ट ने ‘Beeaar Investco Pte’ नाम की एक कॉर्पोरेट इकाई से जुड़े दस्तावेज जमा करने का आदेश भी दिया है। बताया जा रहा है कि यह कंपनी एक सहयोगी फर्म में शेयर होल्डिंग से जुड़ी हुई है।

कतर होल्डिंग्स ने दायर किया था मामला

यह कानूनी विवाद Qatar Investment Authority की सहायक कंपनी ‘कतर होल्डिंग्स’ की ओर से शुरू किया गया था। कतर होल्डिंग्स ने उस समय BYJU’S में निवेश किया था, जब कंपनी आर्थिक संकट से गुजर रही थी और कर्मचारियों की छंटनी कर रही थी।

मामले में कतर होल्डिंग्स की तरफ से ‘ड्रू एंड नेपियर’ लॉ फर्म ने पैरवी की, जबकि बायजू इन्वेस्टमेंट्स का प्रतिनिधित्व ‘फर्वेंट चैंबर्स’ ने किया।

कई देशों में कानूनी चुनौतियों का सामना

एक समय भारत के सबसे बड़े स्टार्टअप्स में शामिल BYJU’S और उसके संस्थापक बायजू रवींद्रन अब दुनियाभर में कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

सिंगापुर के अलावा अमेरिका में भी कंपनी और उसके फाउंडर पर 1.2 बिलियन डॉलर के लोन डिफॉल्ट और वित्तीय गड़बड़ी से जुड़े मामले चल रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बायजू रवींद्रन इस समय सिंगापुर में मौजूद हैं या किसी अन्य देश में। वहीं, इस पूरे मामले पर उनकी ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।