ताइवान को हथियार बेचने पर चीन का पलटवार, बोइंग समेत 20 अमेरिकी डिफेंस कंपनियों पर प्रतिबंध
चीन ने ताइवान को हथियार बेचने के आरोप में 20 अमेरिकी रक्षा कंपनियों और 10 व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। इसमें बोइंग समेत कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं। चीन ने संपत्तियां फ्रीज कर व्यापार व प्रवेश पर रोक लगाई और ताइवान मुद्दे को अपनी ‘रेड लाइन’ बताया।
Beijing/New Delhi : चीन ने ताइवान को हथियार बेचने के आरोप में अमेरिका की प्रमुख रक्षा कंपनियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए 20 अमेरिकी डिफेंस कंपनियों और 10 व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार (26 दिसंबर 2025) को इसकी जानकारी दी। प्रतिबंधित कंपनियों में बोइंग (Boeing) की सेंट लुइस शाखा भी शामिल है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रतिबंध के तहत संबंधित कंपनियों और व्यक्तियों की चीन में मौजूद सभी संपत्तियां फ्रीज कर दी जाएंगी। साथ ही चीन की किसी भी संस्था या व्यक्ति को इन कंपनियों के साथ व्यापार करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा प्रतिबंधित कंपनियों से जुड़े नौ वरिष्ठ अधिकारियों को चीन में प्रवेश से भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इस कार्रवाई के दायरे में नॉर्थ्रॉप ग्रुम्मन सिस्टम्स कॉर्पोरेशन और एल3 हैरिस मैरीटाइम सर्विसेज जैसी प्रमुख रक्षा कंपनियां भी आई हैं। डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी एंडुरिल इंडस्ट्रीज के संस्थापक का नाम भी प्रतिबंध सूची में शामिल है। गौरतलब है कि अमेरिका ने हाल ही में ताइवान को 11.1 अरब डॉलर के हथियारों की बिक्री की घोषणा की थी, जिसके बाद चीन ने यह कदम उठाया है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ताइवान का मुद्दा चीन के मूल हितों से जुड़ा है और यह चीन-अमेरिका संबंधों में एक ऐसी ‘रेड लाइन’ है, जिसे पार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि ताइवान के मुद्दे पर किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का चीन कड़ा जवाब देगा।
उल्लेखनीय है कि इसी महीने अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ताइवान एश्योरेंस इम्प्लिमेंटेशन एक्ट’ पर हस्ताक्षर किए थे, जिससे ताइवान के साथ अमेरिकी संबंधों को और मजबूत किया जाएगा। इस कानून के तहत अमेरिकी विदेश विभाग को हर पांच साल में ताइवान से जुड़े दिशानिर्देशों की समीक्षा करनी होगी। ताइवान ने इस फैसले का स्वागत किया है, जबकि चीन ने इसे अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
