ईरान के खुजेस्तान में भूकंप के तेज झटके, इमरजेंसी अलर्ट जारी, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.0 रही
तेहरान। ईरान के दक्षिण-पश्चिमी खुजेस्तान प्रांत में रविवार सुबह 5.0 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भूकंप के बाद प्रांतीय प्रशासन ने तत्काल इमरजेंसी अलर्ट जारी करते हुए राहत एवं बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर दिया। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रांतीय गवर्नर सैयद मोहम्मद रजा मौलाइजादेह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दल भेज दिए गए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। सरकारी प्रसारक IRIB के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 12 किलोमीटर की गहराई में था।
अमेरिका के हवाई हमले लगातार जारी
इसी बीच क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति भी तनावपूर्ण बनी हुई है। अमेरिकी सेना ने लगातार आठवीं रात ईरान से जुड़े ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि इन हमलों की मंजूरी उन्होंने स्वयं दी थी। उनके अनुसार, यह कार्रवाई जॉर्डन में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत के जवाब में की गई।
भूकंप और सैन्य तनाव के बीच ईरान के हालात पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है। प्रशासन प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन कर रहा है, जबकि क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति भी लगातार संवेदनशील बनी हुई है।
