भारत-ब्राजील के बीच ऐतिहासिक ट्रेड डील, रेयर अर्थ मिनरल्स पर हुआ समझौता
India-Brazil Trade Deal: भारत और ब्राजील के बीच शनिवार को एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक ट्रेड डील पर हस्ताक्षर हुए। इस समझौते के तहत दोनों देशों ने 2030 तक आपसी व्यापार को दोगुना कर करीब 30 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही जरूरी मिनरल्स, स्टील सप्लाई चेन और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति Luiz Inacio Lula da Silva ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और बहुपक्षीय व्यवस्था (मल्टीलेटरलिज्म) को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राष्ट्रपति लूला लगभग 300 व्यवसायिक प्रतिनिधियों के साथ भारत आए थे। एआई समिट में भाग लेने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी के विस्तार पर चर्चा की।
अमेरिका के टैरिफ के बीच मजबूत हुआ सहयोग
दोनों देशों पर अमेरिका द्वारा 50% तक टैरिफ लगाने के फैसले के बाद यह समझौता और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे वैश्विक व्यापार संतुलन के संदर्भ में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
व्यापार में तेज़ी, 30 अरब डॉलर का लक्ष्य
पिछले कुछ वर्षों में भारत और ब्राजील के बीच व्यापार 15 अरब डॉलर से अधिक हो चुका है, जो 2024 की तुलना में लगभग 25% अधिक है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार कम से कम 30 अरब डॉलर तक पहुंचाया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि ब्राजील, लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। उन्होंने कहा, “यह केवल व्यापार का आंकड़ा नहीं, बल्कि आपसी भरोसे और रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक है।”
रेयर अर्थ मिनरल्स और सप्लाई चेन पर समझौता
दोनों देशों के बीच रेयर अर्थ मिनरल्स पर हुए समझौते को भारत के लिए अहम माना जा रहा है। इससे महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन मजबूत होगी और चीन पर निर्भरता कम करने की दिशा में मदद मिलेगी।
इसके अलावा रक्षा-सुरक्षा, तेल एवं गैस, हेल्थकेयर, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आईटी, एआई, बायोटेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।
वैश्विक मुद्दों पर भी बनी सहमति
बैठक में यूएस ट्रेड पॉलिसी और अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर भी चर्चा हुई। साथ ही भारत-मर्कोसुर प्रेफरेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट (PTA) को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
दोनों नेताओं ने आतंकवाद को मानवता का दुश्मन बताते हुए उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही। ब्राजील के राष्ट्रपति ने कश्मीर में हुए आतंकी हमले की निंदा की और यूक्रेन-रूस युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान पर भी सहमति जताई।
यह ऐतिहासिक समझौता न केवल भारत और ब्राजील के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई देगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत करेगा।
