Movie prime

US में गुजरात मूल के स्टोर मालिक की गोली मारकर हत्या, बेटी के सामने पिता पर बरसाई गोलियां

अमेरिका के टेनेसी में गुजरात मूल के 62 वर्षीय कारोबारी सुरेश पटेल की लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी भी दुकान में मौजूद थी। नकाबपोश हमलावर कैश लूटने के बाद गोलीबारी कर सफेद कार से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
 
Indian Origin Store Owner Killed
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Indian Origin Store Owner Killed: अमेरिका के टेनेसी में एक दर्दनाक वारदात में गुजरात मूल के 62 वर्षीय कारोबारी सुरेश पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई जब एक नकाबपोश हथियारबंद बदमाश लूट के इरादे से उनकी दुकान में घुसा था। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि सुरेश पटेल की 19 वर्षीय बेटी भी उस समय दुकान में मौजूद थी और उसने अपने पिता पर हुए हमले को अपनी आंखों के सामने देखा। पुलिस ने आरोपी की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।

टेनेसी की दुकान में घुसा नकाबपोश बदमाश

यह घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे टेनेसी के जैक्सन शहर स्थित Ridgecrest Cellars Wine and Spirits में हुई। पुलिस के मुताबिक, एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और कर्मचारियों से कैश की मांग की।

गवाहों के अनुसार, आरोपी ने बंदूक निकाली और कर्मचारियों को धमकाकर पैसे लिए। इसके बाद उसने कई राउंड फायर किए, जिसमें सुरेश पटेल को गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, सुरेश को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

बेटी की आंखों के सामने हुई पिता की हत्या

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, सुरेश पटेल की 19 वर्षीय बेटी घटना के समय दुकान में मौजूद थी और उनके पास ही खड़ी थी। गोलीबारी में वह सुरक्षित बच गई। इस घटना ने परिवार और स्थानीय भारतीय समुदाय को झकझोर दिया है। सुरेश पटेल के परिवार के मुताबिक, वह करीब तीन दशक पहले बेहतर अवसरों की तलाश में अमेरिका पहुंचे थे।

हत्या से सिर्फ तीन दिन पहले संभाली थी दुकान

इस मामले की एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सुरेश पटेल ने Ridgecrest Cellars की जिम्मेदारी घटना से महज कुछ दिन पहले ही संभाली थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने सोमवार को इस स्टोर का स्वामित्व लिया था और गुरुवार को उनकी हत्या कर दी गई। यानी नई जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही दिनों बाद वह इस हिंसक वारदात का शिकार हो गए।

आरोपी ने कैश लेकर चलाई गोलियां

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले दुकान में मौजूद लोगों से पैसे लिए और इसके बाद कई गोलियां चलाईं। गोलीबारी के बाद वह दुकान से बाहर निकला और सफेद रंग की सेडान कार में फरार हो गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध का हुलिया भी जारी किया है। बताया गया है कि आरोपी ने ग्रे हुडी, जींस और काले रंग के वर्क बूट पहन रखे थे। उसका चेहरा पेंटबॉल जैसी मास्क से ढका हुआ था। पुलिस ने उसे हथियारबंद और खतरनाक बताया है।

70 साल की कर्मचारी भी हुई घायल

गोलीबारी के दौरान दुकान में मौजूद करीब 70 वर्षीय एक कर्मचारी भी घायल हो गई। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दौरान गिरने से उसकी कलाई में फ्रैक्चर हो गया। हालांकि, सुरेश पटेल की बेटी गोलीबारी में सुरक्षित बच गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

जैक्सन पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास वारदात या संदिग्ध की गतिविधियों से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह पुलिस या क्राइम स्टॉपर्स से संपर्क करे। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के अंतिम कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच आगे बढ़ने के बाद ही होगी।

अमेरिका में गुजराती कारोबारियों पर हमलों ने बढ़ाई चिंता

सुरेश पटेल की हत्या ने अमेरिका में गुजराती मूल के छोटे कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता फिर बढ़ा दी है। पिछले कुछ समय में भी अमेरिका में गुजरात मूल के कारोबारियों पर लूट और गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं।

मई 2025 में टेनेसी में 30 वर्षीय परेश ‘प्रिंस’ पटेल की गैस स्टेशन पर लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा वर्जीनिया में मेघना पटेल और चारोतर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले किरण पटेल भी अलग-अलग हिंसक घटनाओं में मारे गए थे।