ट्रंप की चेतावनी के बीच ईरान का सख्त कदम, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लगाया $2 मिलियन का टोल
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने एक बड़ा कदम उठाते हुए हॉर्मुज जलसंधि से गुजरने वाले कुछ जहाजों पर भारी टोल वसूलने का फैसला किया है। इस फैसले के तहत चयनित जहाजों से लगभग 2 मिलियन डॉलर (करीब 18.8 करोड़ रुपये) की ट्रांजिट फीस ली जा रही है, जिससे वैश्विक समुद्री व्यापार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य अलाएद्दीन बोरूजेर्दी ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह टोल पहले ही लागू किया जा चुका है। उन्होंने इसे ईरान की ताकत और हॉर्मुज जलसंधि पर उसके अधिकार को दर्शाने वाला कदम बताया। बोरूजेर्दी के मुताबिक, “बढ़ती युद्ध लागतों को देखते हुए यह निर्णय जरूरी हो गया है। यह शुल्क इस्लामिक रिपब्लिक की शक्ति और नियंत्रण को दिखाता है।”
हॉर्मुज जलसंधि वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम समुद्री मार्ग है, जहां से दुनिया का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल का परिवहन होता है। ऐसे में ईरान का यह फैसला अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता बढ़ा सकता है।
यह बयान उस समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि यदि ईरान 48 घंटे के भीतर जलसंधि को नहीं खोलता, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट्स पर हमला कर सकता है।
ट्रंप की इस धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए बोरूजेर्दी ने कहा कि इज़रायल के ऊर्जा केंद्र भी ईरान की पहुंच में हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें एक दिन में निशाना बनाया जा सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हॉर्मुज जलसंधि को लेकर बढ़ता यह तनाव वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।
