ईरान का अल्टीमेटम- Google, Apple, Tesla समेत बड़ी कंपनियां टारगेट पर, कर्मचारियों को दे दी वॉरर्निंग
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने अमेरिका से जुड़े बड़े कॉर्पोरेट समूहों को निशाना बनाने की धमकी दी है। कर्मचारियों को ऑफिस छोड़ने की चेतावनी दी गई है। अमेरिका ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी, जिससे वैश्विक तनाव बढ़ गया है।
Iran IRGC Threat: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने अमेरिका से जुड़ी बड़ी कंपनियों को निशाना बनाने की धमकी दी है। इस बयान के बाद वैश्विक स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों और कॉर्पोरेट सेक्टर में हड़कंप मच गया है।
कर्मचारियों को तुरंत वर्कप्लेस छोड़ने की चेतावनी
IRGC ने अपने आधिकारिक बयान में इन कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को तुरंत कार्यस्थल छोड़ने की सलाह दी है। साथ ही, जिन इलाकों में इन कंपनियों के दफ्तर स्थित हैं, वहां एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों से भी सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
इन बड़ी कंपनियों को बनाया निशाना
IRGC ने जिन कंपनियों को संभावित टारगेट बताया है, उनमें कई दिग्गज टेक और कॉर्पोरेट नाम शामिल हैं। लिस्ट में Cisco, HP, Intel, Oracle, Microsoft, Apple, Google, Meta, IBM, Dell, Nvidia, JPMorgan Chase, Tesla, General Electric और Boeing जैसी कंपनियां शामिल हैं। बताया गया है कि यह चेतावनी 1 अप्रैल को तेहरान समयानुसार रात 8 बजे से प्रभावी होगी।
अमेरिका-ईरान टकराव खतरनाक मोड़ पर
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि या तो वह समझौता करे या फिर “भीषण सैन्य कार्रवाई” के लिए तैयार रहे।
ट्रंप की शर्तों पर ही समझौता संभव
हेगसेथ ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष केवल अमेरिकी शर्तों पर ही खत्म होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप किसी भी स्थिति में पीछे हटने वाले नहीं हैं और ईरान को इस वास्तविकता को समझना होगा।
वैश्विक स्तर पर बढ़ी चिंता
IRGC की इस धमकी के बाद दुनियाभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। टेक कंपनियों और बहुराष्ट्रीय कॉर्पोरेट सेक्टर में भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि यह धमकी सीधे उनके कर्मचारियों और इंफ्रास्ट्रक्चर को प्रभावित कर सकती है।
