ईरान-इजरायल तनाव के बीच दुबई में फंसीं मलाइका अरोड़ा की मां, बोली- मैं यहां सुरक्षित...
दुबई। ईरान-इजरायल युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ नजर आने लगा है। कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई का रूट बदल दिया गया है। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री अलग-अलग देशों में फंसे हुए हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। इस स्थिति से बॉलीवुड जगत भी अछूता नहीं है।
बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा की मां जॉयस अरोड़ा भी इन दिनों दुबई में फंसी हुई हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया है कि वह सुरक्षित हैं और घबराने की कोई बात नहीं है।
जन्मदिन मनाने गई थीं दुबई
जॉयस अरोड़ा ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत में बताया कि वह अपनी बड़ी बहन का जन्मदिन मनाने दुबई गई थीं और वहीं कुछ दिनों बाद अपना जन्मदिन भी मनाया। वह 3 मार्च को मुंबई लौटने वाली थीं, लेकिन अचानक उन्हें जानकारी मिली कि युद्ध की स्थिति के चलते उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई है।
उन्होंने कहा, “मैं यहां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हूं। हालांकि मैंने अपनी आंखों से आसमान में मिसाइलों को इंटरसेप्ट होते देखा, जो वाकई डरावना था। लेकिन दुबई की सुरक्षा एजेंसियां बेहतरीन काम कर रही हैं।”
बेटियां लगातार संपर्क में
जॉयस अरोड़ा ने बताया कि उनकी बेटियां मलाइका और अमृता मुंबई में हैं और दोनों लगातार उनसे संपर्क में हैं। वह दिन में तीन-चार बार उनसे बात करती हैं, जिससे परिवार को उनकी सुरक्षा को लेकर तसल्ली है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जैसे ही उड़ानें पूरी तरह बहाल होंगी, वह जल्द ही मुंबई लौट पाएंगी।
मलाइका ने खास अंदाज में किया विश
गौरतलब है कि 3 मार्च को जॉयस अरोड़ा ने अपना जन्मदिन दुबई में ही मनाया। इस मौके पर मलाइका अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर खास अंदाज में अपनी मां को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मौजूदा हालात ने भले ही यात्रियों की योजनाओं को प्रभावित किया हो, लेकिन जॉयस अरोड़ा ने भरोसा दिलाया है कि वह सुरक्षित हैं और जल्द ही अपने परिवार के पास लौटेंगी।
