बैंकॉक के पब में लगी भीषण आग, 27 लोगों की दर्दनाक मौत, 60 से ज्यादा गंभीर
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार की सुबह एक भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया। उत्तरी बैंकॉक के चतुचक इलाके में स्थित लोकप्रिय पब 'रॉन्ग बीयर ना लात फ्राव' (Rong Beer Na Lat Phrao) में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 60 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, जब तक बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा, तब तक आग पूरे परिसर में फैल चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही पब में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने घटना के बाद घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल भी जाना। उन्होंने बताया कि आग के बाद पब में तेजी से धुआं भर गया, जिसके कारण कई लोग बाहर निकलने की बजाय पब के पिछले हिस्से में बने बाथरूम की ओर भाग गए। वहीं धुएं और आग की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी सुरियाचाई के अनुसार, इस हादसे में घायल हुए 63 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। बैंकॉक के गवर्नर चडचार्ट सित्तिपुंट ने भी घायलों की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि डॉक्टर सभी मरीजों को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल की जांच कर रहे हैं। इस बीच हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें आग की भयावह लपटें और बचाव कार्य साफ दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि थाईलैंड में इस तरह की आग की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2022 में भी एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत हुई थी। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
