OMG! 10 साल के बेटे ने पिता पर ठोका केस, दूसरी शादी में उड़ा दिए ‘रेड एनवेलप’ के 80 हजार युआन
बीजिंग। माता-पिता अक्सर बच्चों के भविष्य के लिए बचत करते हैं, लेकिन चीन से सामने आया एक मामला चर्चा का विषय बन गया है। यहां एक 10 साल के बच्चे ने अपने ही पिता के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया। आरोप था कि पिता ने उसकी वर्षों की जमा की गई ‘रेड एनवेलप’ यानी त्योहारों पर मिली नकद राशि बिना अनुमति निकालकर अपनी शादी में खर्च कर दी।
यह मामला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे ‘स्मार्ट किड’ की जीत बता रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
चीन के हेनान प्रांत के झेंगझोउ शहर में रहने वाले 10 वर्षीय शियाओहुई के नाम से बैंक खाता उसके पिता ने ही खुलवाया था। हर साल लूनर न्यू ईयर और अन्य खास मौकों पर मिलने वाली ‘रेड एनवेलप’ की राशि उसी खाते में जमा की जाती थी। समय के साथ यह रकम बढ़कर 80,000 युआन से अधिक हो गई।
शादी में खर्च कर दी बचत
दो साल पहले माता-पिता के तलाक के बाद शियाओहुई अपने पिता के साथ रहने लगा। इसी दौरान पिता ने दूसरी शादी करने का फैसला किया। आरोप है कि उन्होंने बेटे के खाते से पूरी बचत निकाल ली और शादी के खर्च में लगा दी। बाद में बच्चे को उसकी मां के पास भेज दिया गया।
पैसे मांगने पर टालमटोल
जब बच्चे को अपनी जमा पूंजी के बारे में जानकारी मिली, तो उसने पिता से पैसे वापस मांगे। पिता का कहना था कि यह रकम रिश्तेदारों और परिवार ने दी थी और वे इसे तब लौटाएंगे जब बेटा बालिग हो जाएगा। कई बार बातचीत के बाद भी समाधान न निकलने पर बच्चे ने कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया।
कोर्ट का सख्त रुख
अदालत में पिता ने दलील दी कि वे बच्चे के कानूनी अभिभावक हैं और पैसों का प्रबंधन करने का अधिकार रखते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुकदमे के पीछे बच्चे की मां का हाथ है।
हालांकि, कोर्ट ने साफ कहा कि ‘रेड एनवेलप’ में मिली रकम बच्चे की निजी संपत्ति है और पिता ने उस पर अवैध रूप से कब्जा किया है। अदालत ने आदेश दिया कि पिता पूरी राशि ब्याज समेत लौटाएं। कुल मिलाकर 82,750 युआन लौटाने का निर्देश दिया गया।
इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे बच्चों के अधिकारों की जीत बता रहे हैं, तो कुछ इसे पारिवारिक विवाद का दुखद उदाहरण मान रहे हैं।
