Movie prime

मिडिल ईस्ट जंग के 25वें दिन पाकिस्तान का बड़ा बयान, अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी को तैयार

 
मिडिल ईस्ट जंग के 25वें दिन पाकिस्तान का बड़ा बयान, अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी को तैयार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : मिडिल ईस्ट में जारी जंग के 25वें दिन कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान ने कहा है कि वह अमेरिका और ईरान के बीच संभावित वार्ता की मेजबानी करने के लिए तैयार है। पाकिस्तान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कई रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि संघर्ष समाप्त कराने के प्रयासों के तहत क्षेत्रीय देशों के प्रतिनिधि सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं।

बातचीत की मेजबानी को तैयार पाकिस्तान

अलजजीरा को दिए एक इंटरव्यू में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि यदि ईरान और इजराइल चाहें, तो इस्लामाबाद बातचीत की मेजबानी के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार संवाद और कूटनीति जरूरी है।

इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगले पांच दिनों तक ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले नहीं किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है और करीब 15 मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। हालांकि, तेहरान ने इन दावों को खारिज कर दिया है।

डिप्लोमेटिक चैनल के केंद्र में पाकिस्तान

रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने 23 मार्च 2026 को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत की। इसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन से फोन पर चर्चा की।

वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने अपने ईरानी और टर्की के समकक्षों से अलग-अलग बातचीत की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सप्ताह के अंत में इस्लामाबाद में अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों की संभावित बैठक को लेकर संपर्क प्रक्रिया जारी है।

ईरान ने ट्रंप के दावों को बताया फर्जी

हालांकि, ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया है। ईरान की ओर से सोशल मीडिया पर कहा गया कि अमेरिका के साथ कोई वार्ता नहीं हुई है और ऐसी खबरें फैलाकर वित्तीय और तेल बाजारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

मौजूदा हालात में मिडिल ईस्ट का यह संघर्ष वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिए अहम मुद्दा बन चुका है, जबकि विभिन्न देश कूटनीतिक प्रयासों के जरिए तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं।