सीजफायर पर पाकिस्तान ने ठोकी अपनी पीठ, शहबाज शरीफ बोले- दुनिया अब सम्मान से देख रही है
New Delhi : अमेरिका और ईरान के बीच हुए 14 दिन के सीजफायर को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपनी सरकार की भूमिका को ऐतिहासिक बताते हुए जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान की वैश्विक छवि बदली है और अब दुनिया उसे सम्मान और गौरव की नजर से देख रही है।
प्रधानमंत्री शरीफ ने कैबिनेट बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह पाकिस्तान के इतिहास के सबसे गौरवशाली पलों में से एक है। उन्होंने कहा कि टोक्यो से लेकर लंदन और कुआलालंपुर तक अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान की चर्चा अभूतपूर्व तरीके से हो रही है।
सीजफायर में पाकिस्तान की भूमिका का दावा
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने की शर्त पर दो सप्ताह के सीजफायर का ऐलान किया था। इस प्रक्रिया में उन्होंने पाकिस्तान के नेतृत्व का भी जिक्र किया था।
शहबाज शरीफ ने कहा कि युद्धविराम का पहला चरण सफलतापूर्वक लागू हो चुका है और उन्हें उम्मीद है कि 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता में अगला चरण भी सकारात्मक रहेगा। इसके लिए उन्होंने अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों को आमंत्रित किया है।
आसिम मुनीर को बताया ‘हीरो’
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मुनीर न केवल युद्ध के हीरो हैं, बल्कि उन्होंने राजनीतिक नेतृत्व के साथ मिलकर देश के बड़े मकसदों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई है।
‘पाकिस्तान के 24 करोड़ लोग इस सम्मान के हकदार’
शरीफ ने कहा कि युद्ध के बाद पाकिस्तान को जो अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है, वह पूरे देश की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश के 24 करोड़ नागरिक इस गौरव के असली हकदार हैं।
फिलहाल, दुनिया की नजर अब 10 अप्रैल को होने वाली वार्ता पर टिकी है, जहां सीजफायर को आगे बढ़ाने और स्थायी समाधान की दिशा में बातचीत होने की उम्मीद है।
