Movie prime

भारत की आलोचना पर पाकिस्तान का पलटवार, अफगानिस्तान एयरस्ट्राइक को बताया 'जायज कार्रवाई'

 
भारत की आलोचना पर पाकिस्तान का पलटवार, अफगानिस्तान एयरस्ट्राइक को बताया 'जायज कार्रवाई'
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Islamabad/New Delhi : अफगानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा की गई एयरस्ट्राइक पर भारत की कड़ी आपत्ति के बाद पाकिस्तान ने पलटवार किया है। पाकिस्तान ने भारत के बयान को खारिज करते हुए अपनी कार्रवाई को आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ "जायज, लक्षित और उचित कार्रवाई" बताया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि भारत का बयान पूरी तरह बेबुनियाद है और पाकिस्तान अफगानिस्तान में मौजूद आतंकवादी ढांचे के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत कार्रवाई करने का अधिकार रखता है।

भारत ने एयरस्ट्राइक को बताया था 'आक्रामकता का खुला कृत्य'

इससे पहले भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक की निंदा करते हुए इसे "आक्रामकता का खुला कृत्य" बताया था। भारत ने कहा था कि ऐसी सैन्य कार्रवाई क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है तथा सभी देशों को दूसरे देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए।

पाकिस्तान ने लगाए भारत पर पलट आरोप

अपने जवाब में पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत स्वयं संयुक्त राष्ट्र चार्टर की भावना का उल्लंघन करता है और पड़ोसी देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करता है। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर का भी उल्लेख करते हुए भारत पर क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन के आरोप लगाए।

इसके अलावा पाकिस्तान ने एक बार फिर दावा किया कि भारत अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों के लिए करता है और आतंकवादी संगठनों को समर्थन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता है। हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों के समर्थन में कोई सार्वजनिक साक्ष्य पेश नहीं किया।

'नागरिकों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई जारी रहेगी'

पाकिस्तान ने कहा कि वह अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप आवश्यक कदम उठाता रहेगा और भारत के आरोपों को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। वहीं, भारत लगातार आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सीमा पार आतंकवाद और हिंसा के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता रहा है।