फुकेट से रूस जा रही फ्लाइट में आई खराबी, चीन में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
Beijing/Phuket : थाईलैंड के फुकेट से रूस के बरनौल जा रही अजुर एयरलाइंस की फ्लाइट ZF-2998 को शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को तकनीकी खराबी के कारण चीन के लांझोऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में कुल 238 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हवा में मिला तकनीकी खराबी का संकेत
अजुर एयरलाइंस के प्रवक्ता के अनुसार, उड़ान के दौरान पायलट को हवा में तकनीकी खराबी का संकेत मिला। फ्लाइटरडार के डेटा के मुताबिक, यह सिग्नल करीब 6.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर प्राप्त हुआ। इसके बाद पायलट ने एहतियातन नजदीकी उपयुक्त एयरपोर्ट पर लैंडिंग का फैसला लिया।
45 मिनट तक हवा में मंडराता रहा विमान
बताया गया कि यह फ्लाइट दोपहर करीब 1 बजे फुकेट से रूस के लिए रवाना हुई थी। तकनीकी अलर्ट के बाद विमान लांझोऊ एयरपोर्ट के पश्चिमी हिस्से में करीब 45 मिनट तक होल्डिंग पैटर्न में उड़ता रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसा आमतौर पर विमान का फ्यूल कम करने और इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तरह तैयार करने के लिए किया जाता है।
रनवे खाली, आपात सेवाएं रहीं तैनात
अजुर एयरलाइंस की प्रेस सर्विस ने बताया कि फ्लाइट को रनवे-19 पर अनिर्धारित (इमरजेंसी) लैंडिंग कराई गई। लांझोऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले ही रनवे खाली करा लिया था। इस दौरान फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीमें और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर तैनात रहीं।
एयरलाइन का बयान
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट की लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही है। सभी 238 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल यात्रियों के लिए आगे की यात्रा को लेकर वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
