स्लोवाकिया में ब्रेड और नमक से हुआ PM मोदी का स्वागत, जानिए क्या है ये पारंपरिक रिवाज
PM Modi Slovakia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के तहत रविवार को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक यात्रा है, जिसे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है।
ब्रातिस्लावा पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने 'मोदी-मोदी' और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। यहां ब्रेड और नमक से पीएम मोदी का पारंपरिक स्वागत हुआ, आइये समझते है इस पारंपरिक रिवाज के पीछे का महत्व।
ब्रेड और नमक से हुआ पारंपरिक स्वागत
स्लोवाक परंपरा के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'ब्रेड और नमक' भेंट कर स्वागत किया गया। यह परंपरा स्लोवाक संस्कृति में सम्मान, मित्रता और सद्भावना का प्रतीक मानी जाती है।
ब्रेड को समृद्धि और जीवन के पोषण का प्रतीक माना जाता है, जबकि नमक दोस्ती, सुरक्षा और विश्वास का संदेश देता है। सदियों पुरानी यह परंपरा स्लाव सभ्यता की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और विशिष्ट अतिथियों के स्वागत में अपनाई जाती है।
वंदे मातरम की प्रस्तुति ने बढ़ाया माहौल
स्वागत समारोह के दौरान स्लोवाकिया के प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह "लुचनिका एन्सेम्बल" ने 'वंदे मातरम' की विशेष प्रस्तुति दी। भारतीय समुदाय और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में यह सांस्कृतिक कार्यक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकियों का प्रतीक बना।
इसके अलावा 'महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट' नामक संगीत समूह ने आध्यात्मिक प्रस्तुति दी, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने भी सराहा। कार्यक्रम के दौरान भारतीय मूल के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वतंत्र स्लोवाकिया की धरती पर पहले भारतीय प्रधानमंत्री
यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक है। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक दौरे पर वहां पहुंचा है। राजनीतिक और कूटनीतिक विशेषज्ञ इसे भारत और स्लोवाकिया के संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत मान रहे हैं।
स्लोवाकिया के शीर्ष नेतृत्व से होगी मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, ऑटोमोबाइल उद्योग, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी साझेदारी को मजबूत बनाने पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा भारत और मध्य यूरोप के देशों के बीच आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोग को नई गति दे सकती है।
फ्रांस दौरे में भी मजबूत हुए संबंध
स्लोवाकिया पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस का दौरा किया था, जहां उनकी मुलाकात फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से हुई। दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
इस दौरान रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, डिजिटल तकनीक और नवाचार सहित 19 से अधिक महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस द्वारा तैयार किया गया "इनोवेशन रोडमैप 2030" भविष्य की साझेदारी को नई दिशा देगा।
भारत-स्लोवाकिया संबंधों को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा केवल औपचारिक कूटनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि भारत और स्लोवाकिया के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक सहयोग को नए स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच बढ़ता संवाद यूरोप में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को भी मजबूत करेगा।
