सऊदी अरब का हेलिकॉप्टर क्रैश, 14 लोगों की दर्दनाक मौत
रियाद: सऊदी अरब के प्रमुख औद्योगिक और तेल केंद्र रास तनुरा से रविवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई। दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में शामिल सऊदी अरामको का एक हेलिकॉप्टर रविवार सुबह करीब 6 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के एक आधिकारिक सूत्र ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग सऊदी नागरिक थे। हादसा फारस की खाड़ी के तट पर स्थित रास तनुरा क्षेत्र में हुआ, जिसे सऊदी अरामको का सबसे महत्वपूर्ण तेल और औद्योगिक केंद्र माना जाता है।
सभी मृतकों के प्रति सरकार ने जताया शोक
सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) के मुताबिक, ऊर्जा मंत्रालय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।
हादसे की जांच शुरू
ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों को मौके पर भेज दिया गया और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल प्रशासन ने यह जानकारी साझा नहीं की है कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मॉडल क्या था और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि इस हादसे का सऊदी अरामको के तेल उत्पादन या परिचालन पर कोई प्रभाव पड़ा है या नहीं।
