ट्रंप ने खुद को बताया पीएम मोदी का बड़ा फैन, बोले- भारत अमेरिका पर कर सकता है 100% भरोसा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की खुलकर तारीफ करते हुए उन्हें अपना “महान दोस्त” बताया। ट्रम्प ने कहा कि वह पीएम मोदी के बहुत बड़े फैन हैं और भारत अमेरिका पर पूरी तरह भरोसा कर सकता है।
अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली के Bharat Mandapam में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ट्रम्प ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को फोन कर लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और पीएम मोदी के प्रति अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर की।
ट्रम्प ने कहा, मुझे भारत से प्यार है। प्रधानमंत्री मोदी महान हैं, वह मेरे दोस्त हैं। मोदी को हैलो कहिए। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। उन्होंने आगे कहा कि भारत और अमेरिका पहले कभी इतने करीब नहीं रहे। ट्रम्प के मुताबिक भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है और अगर भारत को कभी मदद की जरूरत पड़ी तो उसे पता है कि कहां कॉल करना है।
ट्रम्प के बयान के कूटनीतिक मायने
ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते और टैरिफ को लेकर बातचीत जारी है। रक्षा, टेक्नोलॉजी, QUAD और इंडो-पैसिफिक रणनीति जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रम्प का यह बयान भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर सकारात्मक संकेत देता है। खासकर निवेश, टेक्नोलॉजी और व्यापार सहयोग के लिहाज से इसे अहम माना जा रहा है।
ट्रेड डील को लेकर भी सकारात्मक संकेत
अमेरिकी विदेश मंत्री Marco Rubio पहले ही संकेत दे चुके हैं कि दोनों देशों के बीच जल्द व्यापार समझौता हो सकता है। हाल के महीनों में अमेरिका ने कुछ भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाए थे, लेकिन फरवरी में अमेरिका ने भारत पर लगाए 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया था।
इसके बावजूद दोनों देश रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
पहले भी कई बार कर चुके हैं मोदी की तारीफ
ट्रम्प पहले भी कई मंचों से पीएम मोदी की प्रशंसा कर चुके हैं।
साल 2019 में अमेरिका के ह्यूस्टन में हुए ‘Howdy Modi’ कार्यक्रम में ट्रम्प ने मोदी को भारत के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक बताया था। फरवरी 2020 में अहमदाबाद के ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में उन्होंने मोदी को “टफ नेगोशिएटर” और “असाधारण नेता” कहा था। 2024 के अमेरिकी चुनाव प्रचार के दौरान भी ट्रम्प ने कहा था कि मोदी उनके अच्छे दोस्त हैं और उनके कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंध मजबूत हुए।
दो साल में 11 बार हुई मोदी-ट्रम्प की बातचीत
पिछले दो वर्षों में पीएम मोदी और ट्रम्प के बीच कई बार फोन पर बातचीत हुई। इन चर्चाओं में व्यापार, रक्षा, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, आतंकवाद, ऊर्जा, रूस-यूक्रेन संकट और पश्चिम एशिया के हालात जैसे मुद्दे शामिल रहे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद ट्रम्प ने पीएम मोदी से बात कर आतंकवाद के खिलाफ भारत के समर्थन का भरोसा दिया था। वहीं ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई थी।
अमेरिकी राजदूत बोले- ट्रम्प हमेशा मोदी के बारे में पूछते हैं
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प जब भी उनसे बातचीत करते हैं, तो पीएम मोदी के बारे में जरूर पूछते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते मजबूत भरोसे और साझा हितों पर आधारित हैं। गोर के मुताबिक दोनों देश अब “साझा सफलता के नए दौर” में पहुंच चुके हैं और अंतरिम व्यापार समझौते का ढांचा भी तैयार हो चुका है।
उन्होंने यह भी बताया कि नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने इस साल अमेरिका में करीब 20.5 अरब डॉलर के निवेश को बढ़ावा देने में मदद की है। उनके अनुसार दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश सहयोग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुका है।
