ट्रंप ने शी चिनफिंग को बताया ‘महान नेता’, बोले- मिलकर बनाएंगे शानदार भविष्य
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बीजिंग में आयोजित अहम अमेरिका-चीन शिखर सम्मेलन की शुरुआत करते हुए चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping की जमकर तारीफ की। द्विपक्षीय वार्ता से पहले ट्रंप ने शी को “महान नेता” बताते हुए कहा कि उनके साथ दोस्ती और मुलाकात उनके लिए सम्मान की बात है।
बीजिंग में आयोजित इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में दोनों देशों के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, ताइवान और ईरान युद्ध जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा हो रही है। हालांकि इन मुद्दों पर किसी बड़े समझौते की संभावना कम मानी जा रही है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं और जब भी दोनों देशों के बीच कोई मुश्किल आई, तो बातचीत के जरिए उसे जल्दी सुलझा लिया गया। उन्होंने कहा, “मैं आपको फोन करता था और आप मुझे। लोगों को नहीं पता कि हमने कई समस्याओं को कितनी तेजी से हल किया।”
उन्होंने आगे कहा, “आप एक महान नेता हैं। कभी-कभी लोगों को मेरा यह कहना पसंद नहीं आता, लेकिन यह सच है। आपके साथ होना और आपका दोस्त होना मेरे लिए सम्मान की बात है। हम मिलकर एक शानदार भविष्य बनाने जा रहे हैं।”
शिखर सम्मेलन में ट्रंप के साथ कई बड़े अमेरिकी कारोबारी भी पहुंचे हैं। इनमें Elon Musk और Jensen Huang जैसे दिग्गज शामिल हैं। ट्रंप ने कहा कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बिजनेस लीडर्स को चीन लेकर आए हैं, जो चीन को सम्मान देने के लिए यहां मौजूद हैं।
बताया जा रहा है कि ट्रंप इस यात्रा के दौरान व्यापारिक समझौतों, चीन द्वारा अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद और यात्री विमानों के सौदों पर विशेष जोर दे सकते हैं।
