Movie prime

G7 Summit में नेताओं के अनसुने किस्से: ट्रंप ने मांगी मैक्रों की घड़ी... मोदी-मेलोनी की 'Melodi' की केमिस्ट्री और हॉट माइक के खुलासे

G7 Summit 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के साथ आधिकारिक तस्वीर की फ्रंट रो में नजर आए। यह भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और प्रभाव का संकेत माना जा रहा है। मोदी ने ट्रंप से मुलाकात की और कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लिया।

 
G7 Summit
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

G7 Summit 2026 में जहां दुनिया के बड़े नेता युद्ध, वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे, वहीं हॉट माइक में रिकॉर्ड हुई कुछ अनौपचारिक बातचीत ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सिगरेट छोड़ने की चर्चा से लेकर फुटबॉल, जन्मदिन के उपहार और ‘Melodi’ तक, कई ऐसे पल सामने आए जो आमतौर पर आधिकारिक बयानबाजी का हिस्सा नहीं बनते।

मेलोनी ने बताया कब छोड़ी सिगरेट, नेताओं ने दी बधाई

सम्मेलन के दौरान एक हल्के-फुल्के संवाद में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से पूछा कि क्या उन्होंने उस सुबह सिगरेट पी थी। इस पर मेलोनी ने जवाब दिया कि उन्होंने 1 मई के बाद से सिगरेट नहीं पी है।

उनकी इस बात पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। माहौल और हल्का तब हो गया जब कार्नी ने मजाक में पूछा, "क्या आप निकोटिन पैच इस्तेमाल कर रही हैं?"

G7 में फुटबॉल की भी खूब चर्चा

वैश्विक राजनीति के बीच फुटबॉल भी चर्चा का विषय बना रहा। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में चल रहे फीफा वर्ल्ड कप के बीच नेताओं के बीच खेल को लेकर बातचीत सुनाई दी।

फ्रांस की टीम के समर्थन में "Allez les Bleus" के नारे लगे, जबकि पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) की हालिया चैंपियंस लीग जीत की भी चर्चा हुई।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्पेन के खिलाफ केप वर्डे के 0-0 ड्रॉ को "शानदार प्रदर्शन" बताया। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने UFC अध्यक्ष डाना व्हाइट की तारीफ करते हुए बातचीत को दूसरे खेल की ओर मोड़ दिया।

ट्रंप की ‘Greenland’ टिप्पणी बनी चर्चा का विषय

सम्मेलन के दौरान ट्रंप और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के बीच हुई एक संक्षिप्त बातचीत भी सुर्खियों में रही।

माइक में रिकॉर्ड हुई बातचीत में ट्रंप ने पहले कहा, "You understand?" और फिर कुछ क्षण बाद सिर्फ एक शब्द बोला- Greenland... इसके बाद की बातचीत सुनाई नहीं दी, लेकिन ट्रंप की यह कमेंट तुरंत चर्चा का विषय बन गई। दरअसल, ट्रंप पहले भी ग्रीनलैंड को लेकर अपनी रुचि जाहिर कर चुके हैं, जिस पर यूरोपीय देशों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई थी।

मैक्रों की घड़ी और ट्रंप का मजाक

सम्मेलन के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी घड़ी भूल गए। इस पर कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाक करते हुए कहा, "मैक्रों अपनी घड़ी यहां छोड़ गए हैं।" मौका मिलते ही ट्रंप ने हंसते हुए कहा, "अगर छोड़ गए हैं तो मुझे दे दीजिए।" इस कमेंट पर नेताओं के ठहाके गूंज उठे।


ट्रंप को मिला खास तोहफा

G7 सम्मेलन में गिफ्ट्स का आदान-प्रदान भी हुआ। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने सभी नेताओं को अगले साल होने वाली साइक्लिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के प्रचार के लिए एक विशेष साइकिल भेंट की। वहीं जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने ट्रंप को जर्मनी की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर ट्रंप का नाम और नंबर 47 लिखा था, जो उनके 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यकाल का संकेत है।

ट्रंप ने मुस्कुराते हुए जर्सी को कैमरों के सामने दिखाया और तस्वीरें खिंचवाईं।

फिर चर्चा में आई ‘Melodi’

सम्मेलन का सबसे चर्चित पल तब सामने आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी आमने-सामने आए। दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर लोकप्रिय "Melodi" ट्रेंड की झलक भी देखने को मिली।


मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा, आपसे फिर मिलकर अच्छा लगा।

इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम का जिक्र किया। इस पर मेलोनी ने हंसते हुए कहा, "हां, हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर हैं।" दोनों नेताओं की यह बातचीत आसपास मौजूद लोगों के बीच मुस्कान का कारण बन गई।

जेलेंस्की और ट्रंप की मुलाकात कराने की बात

एक अन्य हॉट माइक बातचीत में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच बातचीत रिकॉर्ड हुई। मैक्रों ने जेलेंस्की से पूछा कि क्या उनकी ट्रंप के साथ अलग से बैठक तय है। जब जेलेंस्की ने बताया कि वह अगले दिन ब्रसेल्स रवाना होंगे, तो मैक्रों ने जवाब दिया, "ठीक है, मैं इसकी व्यवस्था कर दूंगा।"

ट्रंप को मनाते दिखे कनाडाई प्रधानमंत्री

एक अन्य बातचीत में कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी चीन से इलेक्ट्रिक वाहनों के सीमित आयात पर बनी व्यवस्था समझाते नजर आए। कार्नी ने ट्रंप से कहा कि यह संख्या कनाडा के बाजार का तीन प्रतिशत से भी कम है और इस पर सख्त सीमा तय की गई है। इस पर ट्रंप का जवाब था... यह अच्छा है, मुझे पसंद है।


वैश्विक मुद्दों के बीच मानवीय पल भी बने आकर्षण

G7 Summit 2026 में युद्ध, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन हॉट माइक में रिकॉर्ड हुई इन अनौपचारिक बातचीतों ने नेताओं का एक अलग और मानवीय पक्ष दुनिया के सामने रखा। यही वजह रही कि सम्मेलन के ये हल्के-फुल्के पल भी वैश्विक मीडिया और सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहे।