Movie prime

विंटर स्टॉर्म से अमेरिका ठप: 14 करोड़ लोग अलर्ट पर, 13 हजार उड़ानें रद्द, लाखों घरों की बिजली गुल

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
अमेरिका इन दिनों भीषण शीतकालीन तूफान की चपेट में है। विंटर स्टॉर्म ने देश के बड़े हिस्से को जाम कर दिया है, जिसके चलते हवाई यातायात से लेकर सड़क और बिजली आपूर्ति तक बुरी तरह प्रभावित हुई है। शनिवार को तूफान ने कई राज्यों में भारी तबाही मचाई, बर्फबारी और जमा देने वाली बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

40 फीसदी आबादी अलर्ट पर

राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के मुताबिक, अमेरिका की 40 फीसदी से अधिक आबादी, यानी करीब 14 करोड़ लोग, न्यू मैक्सिको से लेकर न्यू इंग्लैंड तक शीतकालीन तूफान की चेतावनी के दायरे में हैं। मौसम विभाग ने शनिवार से सोमवार तक दक्षिणी रॉकी पर्वतमाला से न्यू इंग्लैंड तक भारी बर्फबारी, ओले और फ्रीजिंग रेन का पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विज्ञानी एलिसन सैंटोरली ने चेतावनी दी कि बर्फ बहुत धीरे-धीरे पिघलेगी और जल्दी हटने वाली नहीं है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं।

 ट्रंप ने कई राज्यों में आपातकाल किया घोषित

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार तक एक दर्जन राज्यों में आपातकाल की घोषणा को मंजूरी दे दी। आगे और राज्यों में भी आपातकाल लागू होने की संभावना है।

गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने बताया कि संघीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (FEMA) ने प्रभावित राज्यों में जरूरी सामग्री, कर्मचारी और खोज एवं बचाव दल तैनात कर दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि संभव हो तो घरों में ही रहें और सावधानी बरतें।

1.2 लाख से ज्यादा घरों में बिजली गुल

poweroutage.us के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को तूफान के कारण करीब 1,20,000 स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इनमें टेक्सास और लुइसियाना में लगभग 50-50 हजार कटौतियां दर्ज की गईं।
लुइसियाना सीमा के पास टेक्सास के शेल्बी काउंटी में भारी बर्फ के वजन से चीड़ के पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। काउंटी के करीब 16 हजार निवासियों में से एक तिहाई लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए।

13 हजार उड़ानें रद्द, हवाई यातायात प्रभावित

विंटर स्टॉर्म का सबसे बड़ा असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, शनिवार और रविवार को पूरे अमेरिका में लगभग 13,000 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
ओक्लाहोमा सिटी के विल रोजर्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार की सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं, वहीं रविवार सुबह की उड़ानें भी नहीं उड़ सकीं।

हालात सामान्य होने में लगेगा वक्त

मौसम विभाग का कहना है कि ठंड और बर्फबारी का असर अभी कुछ दिनों तक बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।