जौनपुर : 11वीं के छात्र पर गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार, वर्चस्व की लड़ाई में किया था हमला

जौनपुर: डोभी क्षेत्र के श्रीगणेशायराय इंटर कॉलेज के बाहर 11वीं कक्षा के छात्र आदर्श कुमार सिंह पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार और बाइक भी बरामद कर ली है।

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कैसे हुई घटना?

घटना शुक्रवार की है जब बोड़सर खुर्द निवासी 17 वर्षीय आदर्श कुमार सिंह परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकला ही था कि अचानक एक किशोर ने भीड़भाड़ वाले इलाके में उसे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल आदर्श को तुरंत वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

इस हमले के बाद पीड़ित की मां अनीता सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आयुष सिंह (विशुनपुर), अभिषेक सिंह उर्फ बड़े सिंह (24) पुत्र धर्मवीर सिंह, आर्यन सिंह (15) पुत्र राजेश सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज** किया था।

तीन दिन में पुलिस ने पकड़े आरोपी

क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में चंदवक पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच में विशाल कुमार (18) पुत्र प्रशांत कुमार, अंशुमान सिंह (16) पुत्र कल्लू सिंह और सुधांशु कुमार (17) पुत्र महेंद्र कुमार के नाम सामने आए।

पुलिस ने रविवार सुबह 11 बजे हरिहरपुर बलुआ विजयीपुर मार्ग से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा और भागने के लिए इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई।

वर्चस्व की रंजिश बनी हमले की वजह

चंदवक थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता के अनुसार, आदर्श सिंह और आरोपी आर्यन सिंह व अभिषेक सिंह के बीच पुरानी वर्चस्व की रंजिश थी। तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने आदर्श पर हमला करने की साजिश रची।

शुक्रवार को विशाल, अंशुमान और सुधांशु कॉलेज के बाहर पहुंचे और अंशुमान सिंह ने आदर्श पर गोली चला दी**। इसके बाद सभी आरोपी बाइक पर फरार हो गए थे।

फिलहाल, सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *