लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के संसद में प्रवेश को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदेश कार्यालय नेहरू भवन में जोरदार उत्सव मनाया। वायनाड से जीतकर संसद में पहुंचने और सदस्यता की शपथ लेने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, गुलाब भेंट किए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि देश के लोग प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं। उनका संघर्षशील स्वभाव और आम जनता के अधिकारों के लिए लड़ने की शैली इंदिरा गांधी की याद दिलाती है। प्रियंका गांधी का संसद में प्रवेश महिलाओं, किसानों, युवाओं, दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की आवाज को मजबूती देगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी का संसद में पहुंचना कांग्रेस के पुनरुत्थान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चाहे उम्भा की घटना हो, लखीमपुर का मामला, या हाथरस की घटना—प्रियंका गांधी ने हर मौके पर हाशिये पर खड़े लोगों के लिए लड़ाई लड़ी। अब संसद में उनकी उपस्थिति से आम जनता की आवाज और मजबूती से गूंजेगी।
शपथ ग्रहण समारोह के लाइव प्रसारण के लिए कार्यालय में एलसीडी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां नेता और कार्यकर्ता बैठकर यह ऐतिहासिक क्षण देख रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह ने वृक्षारोपण भी किया। शपथ ग्रहण के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी की तस्वीर को भी मिठाई खिलाई और प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जश्न मनाया। पटाखों के साथ जश्न का यह माहौल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करता दिखा।
इस अवसर पर दिनेश सिंह, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, महासचिव मुकेश सिंह चौहान, प्रवक्ता अंशू अवस्थी और एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
