Orange Peel Serum: संतरे के छिलकों से घर पर तैयार करें फेस सीरम, जानें बनाने और लगाने का तरीका
Orange Peel Serum: संतरा खाने के बाद ज्यादातर लोग उसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन ये छिलके आपके स्किन केयर रूटीन में भी काम आ सकते हैं। संतरे के छिलकों में फ्लेवोनॉयड्स और अन्य एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि इनका इस्तेमाल कई घरेलू ब्यूटी नुस्खों में किया जाता है।
अगर आप घर पर ही कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो संतरे के सूखे छिलकों, एलोवेरा जेल और गुलाब जल की मदद से DIY फेस सीरम तैयार कर सकती हैं। हालांकि, यह किसी प्रमाणित स्किन ट्रीटमेंट का विकल्प नहीं है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
## संतरे के छिलकों से सीरम बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस होममेड सीरम को तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए इन सामग्रियों को इकट्ठा कर लें।
- एक संतरे के सूखे छिलके
- 2-3 चम्मच एलोवेरा जेल
- 2 चम्मच गुलाब जल
- एक विटामिन-E कैप्सूल (वैकल्पिक)
DIY Orange Peel Serum: घर पर ऐसे बनाएं सीरम
सबसे पहले संतरे के छिलकों को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर साफ जगह पर पूरी तरह सूखा लें। छिलकों में नमी नहीं रहनी चाहिए।
अब सूखे छिलकों को मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर तैयार कर लें। इसके बाद एक साफ कटोरी में एलोवेरा जेल और गुलाब जल मिलाएं। इसमें आधा चम्मच संतरे के छिलकों का पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
अगर आप चाहें तो इसमें विटामिन-E कैप्सूल का तेल भी मिला सकती हैं। हालांकि, इसे डालना जरूरी नहीं है। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक स्मूद मिश्रण तैयार कर लें।
चेहरे पर कैसे करें इस्तेमाल?
सीरम लगाने से पहले चेहरे को किसी माइल्ड फेसवॉश से अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद तैयार मिश्रण की थोड़ी-सी मात्रा उंगलियों की मदद से चेहरे और गर्दन पर लगाएं।
शुरुआत में इसे 5-10 मिनट तक ही लगाएं और फिर सामान्य पानी से चेहरा धो लें। इसे आंखों के आसपास लगाने से बचें। अगर त्वचा पर किसी तरह की जलन या परेशानी महसूस हो, तो तुरंत धो लें।
संतरे के छिलकों का सीरम लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
घरेलू नुस्खे अपनाते समय त्वचा की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसलिए इस सीरम को इस्तेमाल करने से पहले कुछ सावधानियां जरूर बरतें।
- पहली बार इस्तेमाल करने से पहले हाथ के अंदरूनी हिस्से पर पैच टेस्ट करें।
- संवेदनशील त्वचा, एक्जिमा या पहले से जलन होने पर इसका इस्तेमाल न करें।
- संतरे के छिलकों का पाउडर अधिक मात्रा में न मिलाएं।
- मिश्रण तैयार करने के लिए साफ और सूखे बर्तनों का इस्तेमाल करें।
- इसे लंबे समय तक स्टोर न करें। हर बार जरूरत के अनुसार ताजा मिश्रण बनाएं।
- खुजली, लालिमा या जलन होने पर इसका इस्तेमाल बंद कर दें।
अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (AAD) भी नए स्किन केयर प्रोडक्ट को नियमित इस्तेमाल में शामिल करने से पहले पैच टेस्ट करने की सलाह देती है।
ध्यान दें: संतरे के छिलकों से बना यह घरेलू मिश्रण हर किसी की त्वचा को सूट करे, यह जरूरी नहीं है। इसे लगाने से त्वचा चमकदार होगी या दाग-धब्बे दूर होंगे, इसका पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इसलिए त्वचा पर किसी तरह की समस्या होने पर घरेलू नुस्खों के बजाय त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लें।
