ग्लोइंग स्किन का नया ट्रेंड Glutathione! सेलिब्रिटी कर रहे हैं इसका इस्तेमाल, क्या सच में इससे निखरती है त्वचा?
आजकल ग्लूटाथियोन (Glutathione) ब्यूटी और स्किनकेयर इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले इंग्रीडिएंट्स में से एक है। कई सेलिब्रिटी और इंफ्लुएंसर्स इसे चमकदार और हेल्दी त्वचा का राज बताते हैं। लेकिन क्या वास्तव में ग्लूटाथियोन त्वचा को गोरा या ज्यादा ब्राइट बना सकता है? आइए जानते हैं कि यह क्या है और इसका शरीर व त्वचा पर क्या असर पड़ता है।
क्या होता है Glutathione?
ग्लूटाथियोन हमारे शरीर में प्राकृतिक रूप से बनने वाला एक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट है। यह तीन अमीनो एसिड—ग्लूटामाइन, ग्लाइसिन और सिस्टीन—से मिलकर बनता है। इसका मुख्य काम शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाना है। फ्री रेडिकल्स समय से पहले बुढ़ापा, त्वचा की क्षति और कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
स्किन के लिए कैसे करता है काम?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अंकुर सरीन के अनुसार, ग्लूटाथियोन मुख्य रूप से दो तरह से असर दिखाता है।
-
यह एक मजबूत एंटीऑक्सिडेंट के रूप में त्वचा को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाता है, जिससे स्किन स्वस्थ दिख सकती है और उम्र बढ़ने के लक्षण कुछ हद तक कम हो सकते हैं।
-
यह शरीर में बनने वाले गहरे रंग के मेलेनिन की तुलना में हल्के रंग के मेलेनिन के निर्माण को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है। इसी वजह से कुछ लोगों की त्वचा पहले की तुलना में अधिक ब्राइट दिखाई दे सकती है।
इसके अलावा ग्लूटाथियोन लिवर के डिटॉक्सिफिकेशन प्रोसेस में भी मदद करता है, जिससे शरीर और त्वचा की ओवरऑल हेल्थ बेहतर हो सकती है। कुछ लोगों को इसके सेवन के बाद ऊर्जा में भी हल्का सुधार महसूस होता है।
कैसे लिया जाता है?
ग्लूटाथियोन टैबलेट, कैप्सूल और IV (ड्रिप) के रूप में उपलब्ध है। विशेषज्ञों का कहना है कि क्रीम की तुलना में ओरल सप्लीमेंट या IV थेरेपी का असर ज्यादा देखा जाता है, हालांकि इसका प्रभाव हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकता है।
बिना सलाह के न करें इस्तेमाल
विशेषज्ञों का कहना है कि ग्लूटाथियोन कोई जादुई उपाय नहीं है और इसे बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं लेना चाहिए। खासतौर पर IV ग्लूटाथियोन या लंबे समय तक सप्लीमेंट लेने से पहले त्वचा विशेषज्ञ या योग्य डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है। सही सलाह और जरूरत के अनुसार ही इसका उपयोग करना सुरक्षित माना जाता है।
