गर्मियों में रूखे और बेजान बालों से हैं परेशान? घर पर बनाएं ये हेयर मास्क
गर्मियों की तेज धूप और गर्म हवाएं सिर्फ त्वचा ही नहीं, बालों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। इस मौसम में बाल रूखे, बेजान और फ्रिजी नजर आने लगते हैं। कई बार धूप, पसीना और प्रदूषण की वजह से बाल अपनी प्राकृतिक चमक खो देते हैं। ऐसे में घर पर बने नेचुरल हेयर मास्क बालों को फिर से मुलायम, चमकदार और हेल्दी बनाने में मदद कर सकते हैं।
ये हेयर मास्क बालों की डीप कंडीशनिंग करते हैं और जड़ों से लेकर सिरों तक पोषण पहुंचाते हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं पड़ती। आइए जानते हैं ड्राई और डैमेज बालों के लिए आसान घरेलू हेयर मास्क।
दही और शहद का हेयर मास्क
ड्राई बालों के लिए दही और शहद का हेयर मास्क बेहद असरदार माना जाता है। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड स्कैल्प पर जमा गंदगी और बिल्ड-अप को साफ करने में मदद करता है, जबकि शहद बालों में नमी बनाए रखता है।
इस मास्क को बनाने के लिए 2 चम्मच दही में 1 चम्मच शहद मिलाएं और बालों पर लगाएं। करीब 20 मिनट बाद बाल धो लें। इससे बाल मुलायम बनते हैं और डैंड्रफ की समस्या भी कम हो सकती है।
अंडे और ऑलिव ऑयल का हेयर मास्क
अगर बाल बहुत ज्यादा रूखे और कमजोर हो गए हैं तो अंडे और ऑलिव ऑयल का हेयर मास्क फायदेमंद हो सकता है। अंडा बालों को प्रोटीन देता है, जबकि ऑलिव ऑयल बालों को गहराई से मॉइस्चराइज करता है।
इस हेयर मास्क को लगाने से बालों में नेचुरल शाइन आती है और उनका टेक्सचर भी बेहतर होता है। साथ ही धूप से हुए नुकसान को रिपेयर करने में भी मदद मिलती है।
एलोवेरा और नारियल तेल का हेयर मास्क
डैमेज बालों और हेयर ब्रेकेज की समस्या में एलोवेरा और नारियल तेल का हेयर मास्क काफी असरदार माना जाता है। एलोवेरा स्कैल्प को ठंडक और हाइड्रेशन देता है, जबकि नारियल तेल बालों को मजबूती प्रदान करता है।
इसे बनाने के लिए ताजा एलोवेरा जेल में थोड़ा नारियल तेल मिलाकर बालों पर लगाएं। 20 मिनट बाद बाल धो लें। इससे बालों का रूखापन कम होता है और स्कैल्प हेल्दी रहती है।
केले का हेयर मास्क
फ्रिजी और डल बालों के लिए केले का हेयर मास्क बेहद अच्छा विकल्प है। केला बालों को नेचुरल मॉइस्चर देता है और उन्हें स्मूद बनाता है।
इसके लिए एक पके केले को अच्छी तरह मैश करें और उसमें 1 से 1.5 चम्मच शहद मिलाएं। इस पेस्ट को बालों पर लगाकर 20 से 30 मिनट तक रखें। बाद में बाल धो लें। इससे बालों की चमक बढ़ती है और फ्रिजीनेस कम होती है।
एवोकाडो का हेयर मास्क
एवोकाडो में हेल्दी फैट्स, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो बालों को डीप कंडीशन करने में मदद करते हैं। यह हेयर मास्क खासतौर पर ड्राई और टूटते बालों के लिए फायदेमंद माना जाता है।
इसे बनाने के लिए एवोकाडो को मैश करके सीधे बालों पर लगाएं और 15 से 20 मिनट बाद धो लें। इससे बाल मुलायम, चमकदार और हेल्दी नजर आते हैं।
