Movie prime

Corona Alert: चार साल बाद कोरोना से 2 मौतें, क्या फिर बढ़ रहा है संक्रमण?
 

 
 Corona Alert: चार साल बाद कोरोना से 2 मौतें, क्या फिर बढ़ रहा है संक्रमण?
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आंध्र प्रदेश। आंध्र प्रदेश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ गई है। राज्य में पिछले चार वर्षों से कोविड-19 से किसी भी व्यक्ति की मौत दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन अब कडप्पा जिले में कोरोना संक्रमण के कारण दो लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा जिले में चार नए संक्रमित मरीजों की भी पुष्टि हुई है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में निगरानी, जांच और सतर्कता बढ़ा दी है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चारों संक्रमित मरीजों में से तीन की हालत सामान्य है। इनमें गंभीर लक्षण नहीं पाए गए हैं, इसलिए उन्हें होम आइसोलेशन में रहने और कोविड-19 से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण अन्य लोगों तक न फैले।

वहीं, चौथे मरीज में बुखार, खांसी और कमजोरी जैसे हल्के लक्षण दिखाई देने पर उसे कडप्पा के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए अलग विशेष वार्ड बनाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, चारों मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि RT-PCR जांच के जरिए हुई है। सभी संक्रमित कडप्पा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सभी संक्रमितों ने कोविड-19 वैक्सीन की दोनों खुराकें लगवाई थीं। इनमें से एक व्यक्ति ने एहतियात के तौर पर बूस्टर डोज भी ली थी, इसके बावजूद वह संक्रमित पाया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच और निगरानी कर रहा है।