चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और पैकेटबंद खाने के शौकीन ध्यान दें! सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, पैकेट पर दिखेगा रेड अलर्ट साइन
नई दिल्ली। बाजार से पैकेटबंद खाने-पीने की चीजें खरीदने वाले ग्राहकों के लिए अहम खबर है। अब उन्हें सामान खरीदने से पहले ही पता चल सकेगा कि उसमें चीनी, नमक या फैट की मात्रा जरूरत से ज्यादा है या नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने इस दिशा में बड़ा निर्देश देते हुए केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से खाद्य पदार्थों के पैकेट पर स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाने को कहा है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत तय सीमा से अधिक चीनी, नमक या फैट वाले खाद्य उत्पादों के पैकेट के सामने लाल रंग का छह कोनों वाला चेतावनी निशान लगाया जाएगा। इस निशान में संबंधित सामग्री की तस्वीर के साथ 'हाई शुगर', 'हाई सॉल्ट' या 'हाई फैट' लिखा होगा। इससे ग्राहक दुकान पर ही आसानी से समझ सकेंगे कि कौन-सा उत्पाद उनकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि चीनी की मात्रा तय करने के लिए टोटल शुगर और फैट के आकलन के लिए सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। साथ ही FSSAI को वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर इनकी अधिकतम सीमा भी दोबारा निर्धारित करनी होगी।
जनहित याचिका पर आया निर्देश
यह मामला '3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी' नाम के पब्लिक
चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। याचिका में पैकेट और डिब्बों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट राजीव शंकर द्विवेदी ने पक्ष रखा था। सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
दो चरणों में लागू करने का था प्रस्ताव
FSSAI ने इस व्यवस्था को दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव रखा था। पहले चरण में उन खाद्य उत्पादों पर लाल चेतावनी निशान लगाने की योजना थी, जिनमें चीनी, नमक और फैट में से कम से कम दो की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होगी। इसमें ज्यादा चीनी वाली कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी।
दूसरे चरण में ऐसे उत्पादों को भी चेतावनी लेबल के दायरे में लाने का प्रस्ताव था, जिनमें इन तीनों में से किसी एक की मात्रा भी तय सीमा से ज्यादा होगी।
क्या है फ्रंट ऑफ पैक लेबलिंग?
फ्रंट ऑफ पैक लेबलिंग (FOPL) का मतलब है खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने की तरफ पोषण संबंधी जानकारी देना। फिलहाल ज्यादातर कंपनियां कैलोरी, फैट, प्रोटीन, शुगर और सोडियम जैसी जानकारियां पैकेट के पीछे या किनारे छोटे अक्षरों में देती हैं।
ऐसी जानकारी को समझना आम ग्राहकों के लिए कई बार मुश्किल होता है। खासकर खरीदारी के दौरान लोग यह नहीं जान पाते कि किसी उत्पाद में चीनी, नमक या फैट की मात्रा कितनी है। ऐसे में लाल चेतावनी निशान से ग्राहकों को सही विकल्प चुनने में मदद मिल सकती है।
इन खाद्य पदार्थों को मिल सकती है छूट
प्रस्तावित नियमों के तहत कुछ खाद्य पदार्थों को चेतावनी लेबल से छूट देने की बात भी कही गई है। इनमें एक ही सामग्री से बने खाद्य पदार्थ और प्राकृतिक रूप से फैट, चीनी या नमक से भरपूर कुछ उत्पाद शामिल हैं।
इस श्रेणी में शुद्ध घी, खाद्य तेल, साधारण नमक, चीनी, गुड़ और शहद जैसे उत्पादों को रखा गया है। वहीं, HFSS यानी हाई फैट, शुगर और सॉल्ट वाले खाद्य पदार्थों की पहचान के लिए ICMR-NIN की 'डायट्री गाइडलाइंस फॉर इंडियंस, 2024' को आधार बनाया जाएगा।
सैचुरेटेड और अनसैचुरेटेड फैट में क्या है अंतर?
खाने में मौजूद हर तरह का फैट शरीर के लिए नुकसानदायक नहीं होता। सैचुरेटेड फैट मुख्य रूप से घी, मक्खन, मलाई, पनीर, चीज, फैटी मीट और नारियल तेल में पाया जाता है। इसका जरूरत से ज्यादा सेवन शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) का स्तर बढ़ा सकता है।
वहीं, अनसैचुरेटेड फैट मूंगफली, बादाम, अखरोट, तिल, सरसों और जैतून के तेल के अलावा मछली में भी पाया जाता है। संतुलित मात्रा में इसका सेवन दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है।
कुल मिलाकर, पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल लगाने की यह पहल ग्राहकों को जागरूक करने की दिशा में अहम कदम हो सकती है। इससे लोग सिर्फ स्वाद या ब्रांड देखकर नहीं, बल्कि खाने की पोषण संबंधी गुणवत्ता को समझकर भी खरीदारी कर सकेंगे।
