Movie prime

25 मई से शुरू होगा नौतपा, 9 दिन आसमन से बरसेगी आग, जानें कैसे रखें सेहत और स्किन का ख्याल?

 
Nautapa
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
देशभर में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और अब 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने वाली है। मान्यता है कि नौतपा के दौरान लगातार 9 दिनों तक सूर्य की तपिश सबसे ज्यादा रहती है और भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर देती है। इस दौरान तेज धूप, गर्म हवाएं और उमस के कारण घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

हालांकि कामकाज की वजह से कई लोगों को बाहर जाना पड़ता है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान खानपान, कपड़ों और शरीर की देखभाल को लेकर विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, घमौरियां और स्किन टैनिंग जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है।

नौतपा में क्या खाएं?

आयुर्वेद विशेषज्ञ Kiran Gupta के अनुसार नौतपा में शरीर को अंदर से ठंडा और हाइड्रेटेड रखना सबसे जरूरी होता है। इसके लिए ठंडी तासीर वाली और पोषक तत्वों से भरपूर चीजों का सेवन करना चाहिए।

डाइट में खीरा, ककड़ी, तरबूज, प्याज, टमाटर और हरी मिर्च जैसी चीजें शामिल करें। ये शरीर को ठंडक देने के साथ लू से बचाने में भी मदद करती हैं।

इसके अलावा मौसमी फल और सब्जियां जैसे खरबूजा, लौकी, तोरई, करेला, पुदीना और हरा धनिया भी फायदेमंद माने जाते हैं।

शरीर को रखें हाइड्रेट

भीषण गर्मी में शरीर में पानी की कमी तेजी से होने लगती है। इसलिए सिर्फ पानी ही नहीं बल्कि नारियल पानी, छाछ, बेल का शरबत, सौंफ का शरबत और आम पन्ना जैसी हेल्दी ड्रिंक्स का सेवन करते रहना चाहिए।

ये पेय पदार्थ शरीर को ठंडक देने के साथ ऊर्जा बनाए रखने में भी मदद करते हैं।

किन चीजों से करें परहेज?

नौतपा के दौरान चाय और कॉफी कम मात्रा में पीने की सलाह दी जाती है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती हैं।

इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक, ज्यादा तेल-मसाले वाला भोजन और बाहर का खाना खाने से भी बचना चाहिए। ऐसे खाद्य पदार्थ पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं और शरीर में गर्मी बढ़ा सकते हैं।

कपड़ों का सही चुनाव जरूरी

तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए हल्के रंग के कॉटन या लिनेन के कपड़े पहनना सबसे बेहतर माना जाता है। ये कपड़े पसीने को आसानी से सोख लेते हैं और शरीर को आराम देते हैं।

टाइट और मोटे कपड़ों से बचना चाहिए। साथ ही घर से बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को कपड़े, टोपी या गमछे से ढकना जरूरी है, ताकि लू और तेज धूप से बचाव हो सके।