Movie prime

भीगी हुई मूंगफली ज्यादा फायदेमंद या भुनी हुई? जानिए किस तरीके से मिलेगा ज्यादा पोषण

सर्दियों में मूंगफली खाना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन क्या इसे भिगोकर खाना बेहतर है या भूनकर? जानिए डॉक्टर की राय, भीगी और भुनी मूंगफली के फायदे, रोज कितनी मात्रा खानी चाहिए और हाई ब्लड प्रेशर व किडनी के मरीजों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

 
मूंगफली
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सर्दियों में मूंगफली खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है। स्वाद के साथ-साथ यह शरीर को प्रोटीन, हेल्दी फैट और कई जरूरी पोषक तत्व भी देती है। कुछ लोग मूंगफली को रातभर पानी में भिगोकर खाते हैं, तो कुछ इसे भूनकर खाना पसंद करते हैं। ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि सेहत के लिहाज से मूंगफली खाने का कौन सा तरीका बेहतर है। इस बारे में ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल के कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. वामशी विटला ने बताया कि भीगी और भुनी, दोनों तरह की मूंगफली पौष्टिक होती हैं। इनमें से किसी एक को ज्यादा फायदेमंद साबित करने वाला कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

मूंगफली खाने से शरीर को मिलते हैं ये फायदे

मूंगफली में प्लांट-बेस्ड प्रोटीन, हेल्दी अनसैचुरेटेड फैट, डाइटरी फाइबर, विटामिन E, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। संतुलित डाइट में इसे शामिल करने से शरीर को ऊर्जा मिलती है। साथ ही, इसमें मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों को स्वस्थ रखने में मदद करता है और हेल्दी फैट दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकता है।

मूंगफली में प्रोटीन और हेल्दी फैट की अच्छी मात्रा होती है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करती है। इससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है।

भीगी हुई मूंगफली खाने के क्या फायदे हैं?

डॉ. वामशी विटला के मुताबिक, भीगी हुई मूंगफली उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है जिन्हें इसे चबाने या खाने में आसानी होती है। मूंगफली को पानी में भिगोने से इसमें मौजूद फाइटेट्स जैसे कुछ तत्वों की मात्रा कुछ हद तक कम हो सकती है। ये तत्व शरीर में कुछ पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं।

हालांकि, मूंगफली भिगोने से उसमें प्रोटीन या अन्य पोषक तत्वों की मात्रा में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होती। इसलिए यह मानना सही नहीं है कि भीगी हुई मूंगफली हर लिहाज से भुनी हुई मूंगफली से बेहतर है।

क्या भुनी हुई मूंगफली भी उतनी ही पौष्टिक है?

भुनी हुई मूंगफली भी पोषण के मामले में अच्छी होती है। खासतौर पर बिना नमक और बिना अतिरिक्त तेल में भुनी हुई मूंगफली को डाइट में शामिल किया जा सकता है। इसे खाना भी आसान होता है।

हालांकि, मूंगफली खरीदते या खाते समय ध्यान रखना चाहिए कि उसमें बहुत ज्यादा तेल, नमक या फ्लेवर न मिलाया गया हो। इस तरह भीगी और भुनी, दोनों तरह की मूंगफली सेहत के लिए फायदेमंद हो सकती हैं। इनमें से किसे खाना है, यह व्यक्ति के पाचन, पसंद और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है।

रोज कितनी मूंगफली खाना है सही?

सर्दियों में रोजाना डाइट में थोड़ी मात्रा में मूंगफली शामिल की जा सकती है। करीब 25 से 30 ग्राम यानी एक छोटी मुट्ठी मूंगफली पर्याप्त मानी जाती है। हालांकि, इसकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि मूंगफली में कैलोरी काफी अधिक होती है।

हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को बिना नमक वाली मूंगफली खाने की सलाह दी जाती है। वहीं, किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेने के बाद ही इसे खाना चाहिए।

मूंगफली खाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

कुछ लोगों को मूंगफली से एलर्जी होती है। ऐसे लोगों को इसे पूरी तरह खाने से बचना चाहिए, क्योंकि एलर्जी की प्रतिक्रिया कई बार गंभीर हो सकती है। इसके अलावा मूंगफली को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर सही तरीके से रखना चाहिए, ताकि उसमें फफूंद न लगे।

कुल मिलाकर, भीगी और भुनी दोनों तरह की मूंगफली पोषण के अच्छे स्रोत हैं। इसलिए अपनी पसंद और पाचन के अनुसार इनमें से किसी को भी चुना जा सकता है। बस इसकी मात्रा और तैयार करने के तरीके का ध्यान रखना जरूरी है।