स्वास्थ्य सेवाओं में वाराणसी पूरे यूपी में नंबर-1, 75 जिलों को पछाड़कर हासिल किया पहला स्थान
वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में वाराणसी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सितंबर 2026 की हेल्थ रैंकिंग में वाराणसी ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड के अनुसार, जनपद को 74 प्रतिशत का समग्र स्कोर मिला है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस उपलब्धि का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि विकासखंड स्तर पर भी वाराणसी का प्रदर्शन बेहतर रहा। अराजीलाइन विकासखंड 78 प्रतिशत स्कोर के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि पिंडरा ने 76 प्रतिशत के साथ दूसरा और सेवापुरी ने 75 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
सिजेरियन प्रसव के संकेतकों में भी वाराणसी अव्वल
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के मामले में वाराणसी ने सिजेरियन प्रसव से जुड़े निर्धारित संकेतकों पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित सिजेरियन प्रसव के दोनों प्रमुख संकेतकों में जनपद को प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच, पूर्ण टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और प्रसवपूर्व जांच जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में भी बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया गया है। नवजात शिशुओं को घर पर ही आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराने वाली गृह आधारित नवजात देखभाल सेवाओं के मामले में भी विभिन्न विकासखंडों ने सराहनीय काम किया है।
बेहतर निगरानी और सामूहिक प्रयासों का परिणाम
सीएमओ डॉ. एन.पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर चिकित्सालयों और स्वास्थ्य इकाइयों के अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता बेहतर कार्ययोजना, सामूहिक प्रयास और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी का परिणाम है।
उन्होंने सभी चिकित्सालयों और स्वास्थ्य इकाइयों को स्वास्थ्य संकेतकों की नियमित समीक्षा करने, सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने और शासन की प्राथमिकता वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
वाराणसी की यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब स्वास्थ्य विभाग के सामने इस प्रदर्शन को बरकरार रखने और आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की चुनौती होगी।
