गर्मियों में छाछ क्यों है सुपरड्रिंक? जानें पेट से लेकर लिवर तक इसके 5 बड़े फायदे
गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा रखने और पाचन तंत्र को दुरुस्त बनाए रखने के लिए लोग अक्सर हल्के और प्राकृतिक पेय पदार्थों की तलाश करते हैं। ऐसे में छाछ को एक बेहतरीन देसी और प्राकृतिक ड्रिंक माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित रूप से छाछ का सेवन न सिर्फ पाचन को सुधारता है, बल्कि यह शरीर के कई अंगों के लिए भी लाभकारी है।
नवी मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. दीपक भांगले के मुताबिक, छाछ में मौजूद प्रोबायोटिक्स और पोषक तत्व गर्मियों में शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं।
छाछ के 5 प्रमुख फायदे
1. गट हेल्थ के लिए फायदेमंद
छाछ में मौजूद लैक्टिक एसिड बैक्टीरिया आंतों में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं और गट माइक्रोबायोम को संतुलित रखते हैं। यह पाचन को मजबूत बनाता है और संक्रमण से बचाव करता है।
2. एसिडिटी और एसिड रिफ्लक्स में राहत
छाछ पेट के एसिड को संतुलित करने में मदद करती है। यह पाचन प्रक्रिया को तेज करती है, जिससे एसिड रिफ्लक्स और जलन जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।
3. बेहतर हाइड्रेशन
गर्मियों में शरीर को पर्याप्त हाइड्रेशन की जरूरत होती है। छाछ में मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे सोडियम, पोटेशियम और कैल्शियम शरीर को बेहतर तरीके से हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं।
4. लिवर को देती है सपोर्ट
छाछ में पाए जाने वाले पोषक तत्व फैटी लिवर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकते हैं और लिवर के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं।
5. सूजन और थकान में राहत
छाछ आंतों की सूजन को कम करने में सहायक है। इसके प्रोबायोटिक्स शरीर में सूजन पैदा करने वाले तत्वों को नियंत्रित करते हैं, जिससे गर्मियों में होने वाली सुस्ती और भारीपन कम होता है।
