Movie prime

अंडा असली है या खराब? गिलास भर पानी बताएगा राज, FSSAI ने भी बताया तरीका

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अंडा खरीदने के बाद उसकी ताजगी को लेकर अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है। सोशल मीडिया पर भी समय-समय पर ‘नकली अंडे’ से जुड़े दावे वायरल होते रहते हैं। ऐसे में अंडे की ताजगी जांचने का एक आसान तरीका है, जिसमें आपको किसी मशीन या खास उपकरण की जरूरत नहीं पड़ती। इसके लिए सिर्फ एक गिलास या गहरा बर्तन और पानी चाहिए।

अंडे को पानी में डालकर यह देखा जाता है कि वह नीचे बैठता है या पानी की सतह पर तैरने लगता है। लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि पानी में अंडे का तैरना अपने आप में उसके नकली होने का सबूत नहीं है।

पानी से ऐसे जांचें अंडे की ताजगी

एक गिलास, मग या गहरा बर्तन लें और उसमें पर्याप्त पानी भरें। अब अंडे को धीरे से पानी में डालें और देखें कि वह किस तरह रहता है।

अगर अंडा पानी के नीचे सीधा लेटा हुआ दिखाई देता है, तो यह उसके ताजा होने का संकेत हो सकता है। वहीं, अगर अंडा नीचे तो रहता है लेकिन एक तरफ झुक जाता है या खड़ा होने लगता है, तो वह अपेक्षाकृत पुराना हो सकता है।

अगर अंडा पानी की सतह पर तैरने लगे, तो उसके पुराने या खराब होने की संभावना हो सकती है। FSSAI की Guidance Note के अनुसार, समय बीतने के साथ अंडे के अंदर मौजूद एयर सेल यानी हवा की जगह बढ़ती जाती है। इसी वजह से पुराना अंडा पानी में तैर सकता है।

इसलिए तैरता हुआ अंडा ‘नकली अंडा’ है, ऐसा मान लेना सही नहीं है। उसकी गुणवत्ता जांचने के लिए दूसरे संकेत भी देखना जरूरी है।

अंडा फोड़कर भी जांच सकते हैं ताजगी

अंडे को फोड़ने के बाद भी उसकी ताजगी का अंदाजा लगाया जा सकता है। ताजे अंडे में आमतौर पर जर्दी गोल और उभरी हुई दिखाई देती है, जबकि सफेदी अपेक्षाकृत गाढ़ी होती है और ज्यादा फैलती नहीं है।

वहीं, अंडा पुराना होने पर उसकी सफेदी पतली होकर ज्यादा फैल सकती है। समय के साथ जर्दी और सफेदी की संरचना में भी बदलाव आने लगता है।

अगर अंडा फोड़ने के बाद उसमें से असामान्य या सड़ी हुई गंध आए, तो उसे खाने से बचना चाहिए।

प्रोटीन के साथ पोषक तत्वों से भरपूर है अंडा

डॉ. शुभम वत्स्य के मुताबिक, अंडा हाई-क्वालिटी प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। इसमें शरीर के लिए जरूरी अमीनो एसिड के अलावा विटामिन B12, सेलेनियम, कोलीन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं।

अंडे की जर्दी को लेकर भी कई लोगों के मन में भ्रम रहता है। डॉ. वत्स्य के अनुसार, जर्दी में कोलीन, ल्यूटिन और जियाजैंथिन जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, इसलिए इसे भी संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।

क्या गर्मियों में अंडा खाने से बढ़ती है शरीर की गर्मी?

गर्मियों में अंडा खाने को लेकर यह धारणा आम है कि इससे शरीर में ज्यादा गर्मी पैदा होती है। डॉ. शुभम वत्स्य के अनुसार, अंडा खाने से शरीर का तापमान इस तरह नहीं बढ़ता कि गर्मियों में इसका सेवन नुकसानदायक हो जाए।

प्रोटीन को पचाने में शरीर को कुछ अतिरिक्त ऊर्जा खर्च करनी पड़ती है, जिसे थर्मिक इफेक्ट ऑफ फूड कहा जाता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि गर्मी के मौसम में अंडा खाना शरीर के लिए हानिकारक है।

कुल मिलाकर, अंडे की ताजगी जांचने के लिए पानी वाला टेस्ट एक आसान घरेलू तरीका है, लेकिन सिर्फ अंडे के तैरने के आधार पर उसे नकली नहीं मानना चाहिए। अंडे की गंध, खोल की स्थिति और फोड़ने के बाद उसकी जर्दी-सफेदी की बनावट जैसे संकेतों पर भी ध्यान देना जरूरी है।