Last Supermoon 2025 : आज दिखेगा साल का अंतिम ‘सुपरमून’, जानें यह क्यों है खास
Last Supermoon 2025 : दिसंबर का महीना खगोलीय घटनाओं के लिहाज से बेहद खास होने वाला है। गुरुवार की रात वर्ष 2025 का अंतिम सुपर मून दिखाई देगा। सूर्यास्त के तुरंत बाद पूर्व दिशा में उदित होने वाला यह सुपरमून आधी रात के आसपास अपनी अधिकतम ऊंचाई पर होगा और सुबह होते ही पश्चिम दिशा में अस्त हो जाएगा। यह साल में दिखाई देने वाले चार सुपरमून की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम सुपरमून है। चौथा सुपरमून जनवरी 2026 में दिखाई देगा।
गुरुवार की पूर्णिमा भी खास है क्योंकि यह 2025 की अंतिम पूर्णिमा है। उत्तरी गोलार्ध में इसे पतझड़ की आखिरी और दक्षिणी गोलार्ध में वसंत की अंतिम पूर्णिमा माना जाता है। यह संक्रांति के समय आती है, जो उत्तरी गोलार्ध में सर्दियों की शुरुआत और दक्षिणी गोलार्ध में गर्मियों की शुरुआत का संकेत देती है। दिसंबर सोल्सटिस के कारण उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे छोटा दिन और सबसे लंबी रात भी होती है। इसका मुख्य कारण पृथ्वी का अपनी धुरी पर झुकाव है, जिससे उत्तरी ध्रुव सूर्य से सबसे दूर होता है।
जवाहर तारामंडल की विज्ञानी सुरूर फातिमा ने बताया कि इस सुपरमून को ‘कोल्ड सुपरमून’ कहा जाता है। धरती के अधिक नज़दीक होने की वजह से यह चंद्रमा सामान्य से 10% बड़ा और लगभग 30% ज्यादा चमकीला दिखाई देगा। चंद्रमा का मनमोहक नारंगी रंग इसे और भी आकर्षक बनाएगा।
