Movie prime

छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 10 की मौत, 20 से ज्यादा घायल
 

 
 छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 10 की मौत, 20 से ज्यादा घायल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

जबलपुर। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया हनुमान मंदिर के पास गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रही एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा शाम करीब 6:30 बजे उमरानाला इलाके में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और कई यात्री उसमें फंस गए। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद खौफनाक था। एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही 20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है।

छिंदवाड़ा एसपी अजय पांडे ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बताया कि मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। बस में कुल 41 लोग सवार थे, जो सम्मेलन से लौट रहे थे।