व्हाट्सएप-टेलीग्राम से लीक हुए थे NEET के 100 सवाल, CBI ने कोर्ट में दिए सबूत, 5 आरोपी 7 दिन की कस्टडी में भेजे गए
NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। Central Bureau of Investigation ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में दावा किया कि परीक्षा से पहले करीब 100 सवाल व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लीक किए गए थे। जांच एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि आरोपियों ने प्रश्नपत्र के साथ आंसर-की भी शेयर की थी, ताकि उम्मीदवारों को सही जवाब पहले से उपलब्ध कराए जा सकें।
मामले में गिरफ्तार 5 आरोपियों को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी आरोपियों को 7 दिनों की CBI कस्टडी में भेज दिया।
चैट से मिले अहम सबूत
CBI ने कोर्ट को बताया कि जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस से व्हाट्सएप व टेलीग्राम चैट बरामद हुई हैं। इन चैट्स में वही सवाल मिले हैं, जो NEET UG 2026 परीक्षा में पूछे गए थे।
एजेंसी के अनुसार, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्न परीक्षा से पहले ही चुनिंदा अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए थे।
कोर्ट ने CBI को दिए निर्देश
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने CBI को निर्देश दिया कि आरोपियों को एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराई जाए और गिरफ्तारी के आधार स्पष्ट किए जाएं।
CBI ने दलील दी कि यह एक बड़े स्तर की संगठित साजिश है, जिसमें कई और लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। एजेंसी ने कहा कि मामले में सरकारी कर्मचारियों, पब्लिक सर्वेंट और प्रिंटिंग प्रेस से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने का खेल
जांच एजेंसी के मुताबिक, लीक किए गए प्रश्नों का इस्तेमाल अभ्यर्थियों को ज्यादा अंक दिलाने और उन्हें जयपुर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने के लिए किया गया।
CBI ने कोर्ट को बताया कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने और अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए आरोपियों की कस्टडी जरूरी है। फिलहाल देशभर में कई जगहों पर छापेमारी और पूछताछ जारी है।
