Movie prime

दिल्ली में 18 मेट्रो स्टेशन बंद, NEET प्रदर्शन पर विपक्ष हमलावर; राहुल-अखिलेश ने सरकार को घेरा

 
rahul
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार खाने-पीने की व्यवस्था, मेट्रो, सड़कें और दुकानें बंद कर सकती है, लेकिन इससे पेपर लीक जैसी समस्या का समाधान नहीं होगा। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।


 




इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि केवल कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई करने से समस्या खत्म नहीं होगी। उनके अनुसार, यदि व्यवस्था में बदलाव नहीं किया गया तो ऐसी घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी।

वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि छात्रों को रोकने के लिए मेट्रो स्टेशन बंद करना उचित नहीं है। उनका कहना था कि यदि सभी मेट्रो स्टेशन बंद भी कर दिए जाएं, तब भी युवा पैदल चलकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंच जाएंगे। सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए।

उधर, सुरक्षा कारणों और छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शनिवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रही।

DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी सूचना में कहा कि सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है और यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया। वहीं, विपक्षी दलों ने इस फैसले को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।