180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो: 19 साल का मास्टरमाइंड अयान अहमद कौन, कैसे रचा खौफनाक ब्लैकमेल रैकेट?
अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक 19 वर्षीय युवक पर नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने, उनके अश्लील वीडियो बनाने और बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को हिरासत में लेकर 21 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। इसके साथ ही पुलिस ने एक अन्य आरोपी उजेर खान इकबाल खान को भी गिरफ्तार किया है, जिस पर वीडियो वायरल करने का आरोप है।
यह पूरा मामला अमरावती के परतवाड़ा और अचलपुर इलाके से जुड़ा हुआ है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 100 से अधिक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें नाबालिग लड़कियां जबरन दिखाई दे रही हैं।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले लड़कियों को दोस्ती और रिश्ते का झांसा देता था, फिर उनका शारीरिक शोषण करता और बिना उनकी सहमति के वीडियो रिकॉर्ड करता था। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें डराकर ब्लैकमेल किया जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे और बीजेपी प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया। साइबर सेल वायरल वीडियो को हटाने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक किसी भी पीड़िता या उसके परिवार ने सामाजिक दबाव के कारण औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने सभी पीड़ितों से आगे आने की अपील की है और उनकी पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।
पुलिस के अनुसार, करीब 100 वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं। दूसरे आरोपी से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।
स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि इस मामले में 100 से ज्यादा लड़कियां प्रभावित हो सकती हैं, जबकि कुछ दावे 180 लड़कियों और 350 वीडियो तक की बात कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल 8 पीड़ितों की ही आधिकारिक पुष्टि की है।
अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद सिंगुरी ने बताया कि सभी पीड़ितों की पहचान की जा रही है और फॉरेंसिक टीम डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने में लगी है। साथ ही, महिला अधिकारियों की मदद से विशेष हेल्पलाइन भी शुरू की गई है, ताकि पीड़ित सुरक्षित तरीके से शिकायत दर्ज करा सकें।
इस घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कुछ नेताओं ने आरोपी के राजनीतिक संबंधों को लेकर आरोप लगाए हैं, हालांकि संबंधित दल ने इन दावों को खारिज कर दिया है। घटना के विरोध में परतवाड़ा और अचलपुर में प्रदर्शन हुए हैं और कुछ संगठनों ने बंद का आह्वान किया है। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
