Movie prime

PM सूर्य घर योजना की सब्सिडी के लिए 295 दिन शेष, इस दिन तक मिलेगा लाभ
 

 
 PM सूर्य घर योजना की सब्सिडी के लिए 295 दिन शेष, इस दिन तक मिलेगा लाभ
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2024 में शुरू की गई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी प्राप्त करने की समय सीमा अब नजदीक आती दिखाई दे रही है। योजना के लिए निर्धारित अवधि समाप्त होने में 295 दिन से भी कम समय बचा है। नेडा (NEDA) की वेबसाइट पर चल रहे काउंटडाउन के अनुसार, 31 मार्च 2027 तक ही इस योजना के तहत सब्सिडी का लाभ लिया जा सकेगा।

वेबसाइट पर प्रदर्शित काउंटडाउन में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि योजना का लाभ प्राप्त करने का समय तेजी से गुजर रहा है। 9 जून 2026 की शाम 6:42 बजे तक काउंटडाउन में 295 दिन, 5 घंटे और 17 मिनट का समय शेष दिखाया गया था।

वाराणसी में 43 हजार घरों पर लगे सोलर प्लांट

योजना के तहत वाराणसी में अब तक 43,000 घरों की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। इन संयंत्रों से कुल 145.30 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। इस उपलब्धि के साथ वाराणसी प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, लखनऊ 1,08,056 घरों पर सोलर संयंत्र स्थापित कर 373 मेगावाट उत्पादन के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है।

दो किलोवाट संयंत्र पर 90 हजार रुपये तक की सब्सिडी

पीएम सूर्य घर योजना के तहत दो किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाने में लगभग 1.20 लाख रुपये का खर्च आता है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है। शेष राशि उपभोक्ता को स्वयं वहन करनी होती है।

तीन किलोवाट तक के सोलर संयंत्र पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान करती हैं, जिससे आम लोगों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना काफी किफायती हो जाता है।

योजना बंद नहीं होगी, लक्ष्य अवधि हो रही पूरी

नेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी एसके गुप्ता के अनुसार, पीएम सूर्य घर योजना शुरू करते समय पूरे देश में एक करोड़ घरों पर सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके लिए तीन वर्ष की समय सीमा तय की गई थी। यह अवधि 31 मार्च 2027 को पूरी हो रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वेबसाइट पर दिखाई दे रहा काउंटडाउन योजना की निर्धारित लक्ष्य अवधि का संकेत है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश को मिली सफलता को देखते हुए योजना के पूरी तरह बंद होने की संभावना नहीं है। सरकार भविष्य में इसे नए स्वरूप या विस्तारित अवधि के साथ जारी रख सकती है।

स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ता कदम

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य देश की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है। योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।