राम मंदिर निर्माण में 40% घोटाला... राम मंदिर पर केजरीवाल का बड़ा दावा, ट्रस्ट पर उठाए सवाल
New Delhi : आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अयोध्या के राम मंदिर को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मंदिर निर्माण और चढ़ावे के प्रबंधन में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं तथा निर्माण कार्य में करीब 40 प्रतिशत तक घोटाला हुआ है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने करीबी लोगों को शामिल किया और अब कथित भ्रष्टाचार के आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों की भी निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है, जिससे लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि राम भक्त अब दोषियों के खिलाफ आंदोलन करेंगे और जब तक कथित भ्रष्टाचार के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर वह किसी राजनीतिक दल से समर्थन नहीं मांगेंगे, बल्कि सीधे राम भक्तों के बीच जाएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी के विदेश दौरे पर पूछे गए सवाल पर केजरीवाल ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह केवल अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान दे रहे हैं।
राम मंदिर जैसे संवेदनशील मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल के इन आरोपों के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है। फिलहाल उनके आरोपों पर मंदिर ट्रस्ट या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
