Movie prime

बिना एड्रेस प्रूफ अब मिलेगा 5 किलो LPG सिलेंडर, छात्रों और प्रवासियों को बड़ी राहत
 

 
 बिना एड्रेस प्रूफ अब मिलेगा 5 किलो LPG सिलेंडर, छात्रों और प्रवासियों को बड़ी राहत
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। छात्रों, प्रवासी श्रमिकों, कामकाजी युवाओं और उन लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है, जिनके पास स्थायी पता नहीं है। अब बिना एड्रेस प्रूफ के भी आसानी से 5 किलो का पोर्टेबल एलपीजी सिलेंडर लिया जा सकता है।

भारत पेट्रोलियम की भारतगैस मिनी और इंडियन ऑयल की इंडेन छोटू (5 किलो) योजना के तहत उपभोक्ताओं को केवल सरकारी मान्यता प्राप्त आईडी प्रूफ (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड) दिखाकर तुरंत सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए किसी तरह के स्थायी पते के प्रमाण या लंबी प्रक्रिया की जरूरत नहीं होगी।

यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो हॉस्टल में रहते हैं, दूसरे शहरों में काम करते हैं या किराए के मकानों में रहते हैं, जहां एड्रेस प्रूफ देना मुश्किल होता है। इसके अलावा छोटे परिवार या कम गैस खपत वाले लोग भी इसका लाभ उठा सकते हैं।

5 किलो के ये सिलेंडर हल्के, पोर्टेबल और आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाने योग्य हैं। इन्हें नजदीकी भारतगैस या इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर और अधिकृत पॉइंट ऑफ सेल से खरीदा जा सकता है। भुगतान करने के बाद उपभोक्ताओं को तुरंत सिलेंडर मिल जाता है और वे इसका उपयोग शुरू कर सकते हैं।

मुख्य विशेषताएं:

साइज: 5 किलोग्राम, कॉम्पैक्ट और पोर्टेबल
दस्तावेज: केवल आईडी प्रूफ, एड्रेस प्रूफ जरूरी नहीं
उपयोग: कम खपत या अस्थायी जरूरत के लिए उपयुक्त
सुविधा: देशभर में आसानी से रिफिल उपलब्ध
डिपॉजिट: सुरक्षा जमा राशि पर सिलेंडर, वापसी की सुविधा भी

भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया है कि इन मिनी सिलेंडर्स के लिए एड्रेस प्रूफ अनिवार्य नहीं है। कंपनियों के अनुसार, यह सुविधा आज की तेज-रफ्तार जिंदगी में लोगों को कहीं भी, कभी भी कुकिंग फ्यूल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

अफवाहों से रहें सावधान:

कंपनियों ने कहा है कि एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर्स या आधिकारिक ऐप्स के जरिए ही सिलेंडर खरीदें या बुक करें।