Movie prime

वडोदरा में भीषण सड़क हादसा: लक्जरी बस ट्रक से टकराई, 6 यात्रियों की मौत, 31 घायल
 

 
 वडोदरा में भीषण सड़क हादसा: लक्जरी बस ट्रक से टकराई, 6 यात्रियों की मौत, 31 घायल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा-जरोद रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटंबी गांव के पास हाईवे पर तेज रफ्तार लक्जरी बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 31 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्जरी बस हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से तेज गति में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से वडोदरा के सयाजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। NDRF के जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

वहीं, जरोद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हाईवे पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य किया गया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।