Movie prime

तेलंगाना में दर्दनाक हादसा: इलेक्ट्रिक बस ट्रक में घुसी, 5 महिलाओं समेत 6 की मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

तेलंगाना। सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 5 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हुए हैं। हादसा हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोडाड मंडल क्षेत्र में सुबह करीब 5:15 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। बस में कुल 42 यात्री सवार थे। इसी दौरान बस ने पीछे से एक ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में लदे लोहे के भारी पिलर बांधने वाली चेन टूट गई और कई पिलर बस की दाईं तरफ जा घुसे।

पुलिस के अनुसार, बस के आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को लोहे के पिलरों की चपेट में आने से गंभीर चोटें लगीं, जिसके कारण 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं।


तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

पुलिस शुरुआती जांच में हादसे के पीछे बस की तेज रफ्तार की आशंका जता रही है। यह भी संभावना है कि बस से टक्कर से पहले ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराया हो। फिलहाल हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे में घायल 12 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को बेहतर इलाज के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित अस्पताल भेजा गया है।

सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।


संगारेड्डी में भी हुआ था दर्दनाक हादसा

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में भी हाल ही में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हुई थी। यहां एक ऑटो-रिक्शा और ट्रक की टक्कर हो गई थी। हादसे में 6 लोग घायल भी हुए थे।

बताया गया कि ऑटो में चालक के अलावा 11 महिलाएं सवार थीं। सभी महिलाएं कर्नाटक के बीदर की रहने वाली कृषि मजदूर थीं और काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।