Movie prime

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में बड़ा हादसा, अमोनिया गैस लीक होने से 7 महिलाओं की दर्दनाक मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार को अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक सात महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कम से कम 67 लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा तिरुवल्लूर जिले के पेरियापलयम के निकट कन्नीगईपैर स्थित एक सी-फूड एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुआ, जहां अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस के प्रभाव में आने से कई कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई, जबकि सात महिलाओं की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को अलर्ट किया। इसके बाद एनडीआरएफ की चौथी बटालियन मुख्यालय से विशेष केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (CBRN) रेस्पॉन्स टीम को मौके पर भेजा गया।

सीनियर कमांडेंट अखिलेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची इस टीम में लगभग 30 प्रशिक्षित जवान शामिल हैं। टीम आधुनिक गैस डिटेक्शन उपकरण, पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) और विशेष बचाव संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव अभियान चला रही है।

एनडीआरएफ की टीम प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, गैस रिसाव के स्रोत की पहचान करने और उसके प्रभाव को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। साथ ही जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी और बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

इस गंभीर घटना को देखते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसे 24 घंटे के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

इस समिति में औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशक, तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव तथा लोक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। साथ ही राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।