7 साल के इशांक ने रचा इतिहास: 29 किमी लंबा पाक स्ट्रेट तैरकर पार, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
नई दिल्ली: झारखंड के महज 7 साल के बच्चे इशांक ने वो कर दिखाया है, जो बड़े-बड़े तैराकों के लिए भी किसी सपने से कम नहीं होता। नन्हे इशांक ने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित खतरनाक 29 किलोमीटर लंबे पाक स्ट्रेट को करीब 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे देश में खुशी की लहर है।
सीएम हेमंत सोरेन ने दी बधाई
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इशांक की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा कि इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि असाधारण प्रतिभा का उदाहरण है। इशांक ने न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।
राजनीतिक नेताओं ने सराहा
रांची से बीजेपी सांसद संजय सेठ ने भी इशांक की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इसे स्वर्णिम उपलब्धि बताते हुए नन्हे तैराक को शुभकामनाएं दीं।
बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
इशांक ने 29 किलोमीटर लंबा पाक स्ट्रेट 9 घंटे 50 मिनट में पार कर ‘यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्वीमर’ का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम (URF) ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए प्रमाणपत्र भी दिया है।
पहले किसके नाम था रिकॉर्ड
इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के जय जसवंत के नाम था, जिन्होंने 2019 में 10 साल की उम्र में यह दूरी 10 घंटे 30 मिनट में तय की थी।
वहीं, 2022 में जिया राय ने 13 साल 10 महीने की उम्र में 13 घंटे में यह दूरी पार की थी।
2023 में पुणे के संपन्ना रमेश शेलार ने 5 घंटे 30 मिनट में यह स्ट्रेट पार कर एक अलग रिकॉर्ड बनाया था।
प्रेरणा बनी इशांक की उपलब्धि
इशांक की यह सफलता साबित करती है कि अगर लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो, तो उम्र सिर्फ एक संख्या बनकर रह जाती है। उनकी यह उपलब्धि देश के लाखों बच्चों के लिए प्रेरणा बन गई है।
