Movie prime

पंजाब के फिरोजपुर में दर्दनाक हादसा: पिकअप और ट्राली की टक्कर में 8 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। फाजिल्का रोड स्थित जंगा वाले मोड़ के पास पिकअप गाड़ी और घोड़ा ट्राला के बीच हुई भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप गाड़ी में सवार करीब 30 लोग अपने एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 3:30 बजे घर से रवाना हुए परिवार ने रास्ते में पेट्रोल भरवाया और आगे बढ़ गए। जैसे ही वाहन जंगा वाले मोड़ के निकट पहुंचा, सड़क पर मौजूद ट्राला से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में घायल अंशप्रीत ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप गाड़ी पलट गई। वाहन के ऊपर बनाई गई छत पर भी कई पारिवारिक सदस्य बैठे हुए थे, जिससे हादसे का असर और अधिक गंभीर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग वाहन के अंदर फंस गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की और एंबुलेंस की सहायता से सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया।

सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य मरीजों का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। एक धार्मिक और पारिवारिक यात्रा पर निकले लोगों के साथ हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।