Movie prime

दिल्ली जा रही IndiGo Flight में आई तकनीकी खराबी, टेकऑफ के कुछ मिनट बाद कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

 
Indigo
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोवा। गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट में मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आ गई। इसके बाद पायलटों ने एहतियाती कदम उठाते हुए विमान को वापस गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

जानकारी के मुताबिक, IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या का पता चला। इसके बाद पायलटों ने तय प्रक्रिया के तहत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का फैसला किया।

स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की गई। करीब 9:50 बजे विमान ने मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


IndiGo ने क्या कहा?

IndiGo के मुताबिक, उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान में तकनीकी समस्या का पता चला था। पायलटों ने मानक सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया। एयरलाइन ने बताया कि विमान फिलहाल जरूरी मेंटेनेंस जांच और मरम्मत से गुजर रहा है और आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही इसका संचालन किया जाएगा।


 

एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए उन्हें जरूरी सहायता और अपडेट उपलब्ध कराए गए।

फिलहाल घटना के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मामला विमान के इंजन में आई तकनीकी खराबी से जुड़ा है।