Movie prime

AAP का बड़ा एक्शन: क्रॉस वोटिंग के आरोप में MCD की 3 महिला पार्षद सस्पेंड

 
Arvind
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) की वार्ड समिति चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाया है। पार्टी ने क्रॉस वोटिंग के आरोप में अपनी तीन महिला पार्षदों निर्मला देवी (शर्मा), कृष्णा राघव और सुल्ताना आबाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

गुरुवार को जारी पार्टी के आधिकारिक आदेश में तीनों पार्षदों के निलंबन की पुष्टि की गई। इस आदेश पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि वार्ड समिति चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

MCD वार्ड समिति चुनाव में बीजेपी का दबदबा

बुधवार को हुए एमसीडी वार्ड समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 में से 10 वार्ड समितियों के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। साथ ही निगम की स्थायी समिति की छह में से पांच सीटें भी अपने नाम कर लीं।

वहीं आम आदमी पार्टी को दो वार्ड समितियों के अध्यक्ष पद और स्थायी समिति की एक सीट पर संतोष करना पड़ा। इन नतीजों के बाद 18 सदस्यीय स्थायी समिति में बीजेपी की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जबकि AAP के पास अब 6 सदस्य हैं।

AAP को एक और झटका, पार्षद विकास टांक बीजेपी में शामिल

चुनाव परिणामों के बीच आम आदमी पार्टी को एक और राजनीतिक झटका तब लगा, जब सिविल लाइंस वार्ड के पार्षद और सिटी-सदर पहाड़गंज जोन के अध्यक्ष विकास टांक ने बीजेपी का दामन थाम लिया।

विकास टांक ने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, चांदनी चौक सांसद प्रवीण खंडेलवाल और पार्टी के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके शामिल होने के बाद एमसीडी सदन में बीजेपी पार्षदों की संख्या बढ़कर 140 हो गई है।

AAP की ओर से तीन पार्षदों पर की गई कार्रवाई को पार्टी अनुशासन बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जबकि विपक्ष इसे एमसीडी में बदलते राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देख रहा है।