Movie prime

अभिजीत दीपके का ऐलान, आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे; PM मोदी के इस्तीफे की मांग
 

 
 अभिजीत दीपके का ऐलान, आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे; PM मोदी के इस्तीफे की मांग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने के बाद अब आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने आज से भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और वह पुलिस की गिरफ्त से बचकर जंतर-मंतर पहुंचे।

अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाने के बाद आंदोलन खत्म हो जाएगा, तो यह उसकी गलतफहमी है। उन्होंने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और 20 जुलाई को संसद तक मार्च किया जाएगा।

'अब पीएम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे'

अभिजीत दीपके ने कहा, 'अब तक हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन इस घृणित कृत्य के बाद अब हम पीएम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे।' उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने के बाद आंदोलन और मजबूत होगा।

पुलिस पर मारपीट का आरोप

अभिजीत दीपके ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह करीब सात बजे जब वह जंतर-मंतर से बाहर निकले, तभी पुलिसकर्मी सोनम वांगचुक को वहां से ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोनम वांगचुक को गालियां देते हुए घसीटा।

अभिजीत ने दावा किया, '60 साल के एक व्यक्ति को, जो 20 दिनों से भूख हड़ताल पर था, दिल्ली पुलिस जबरदस्ती घसीटकर ले गई। जैसे ही मुझे इसकी जानकारी मिली और मैं जंतर-मंतर आ रहा था, पुलिस ने मेरे साथ भी मारपीट की।'

उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह विदेश से अपने देश लौटे हैं और कोई अपराधी नहीं हैं।

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश और मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी इलाज के लिए अस्पताल शिफ्ट किया गया है।

नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि सोनम वांगचुक को स्वास्थ्य स्थिति और मेडिकल सलाह के आधार पर उपयुक्त सरकारी अस्पताल ले जाया गया है, जहां वह मेडिकल निगरानी में हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर को शांतिपूर्ण तरीके से खाली करने की अपील की है।

सोनम वांगचुक की पत्नी ने दी चेतावनी

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने भी अस्पताल में इलाज को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उनकी और उनके डॉक्टर की सहमति के बिना सोनम वांगचुक को कोई दवा या इलाज नहीं दिया जाना चाहिए।

आंग्मो ने कहा, 'कल वह बिल्कुल ठीक थे। उन्हें अस्पताल लाने की कोई जरूरत नहीं थी। अगर मेरी मंजूरी के बिना कुछ भी किया गया और उन्हें कुछ होता है, तो मैं सभी को जिम्मेदार ठहराऊंगी।'

उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 32 का हवाला देते हुए कहा कि उनकी और उनके डॉक्टर की सहमति के बिना सोनम वांगचुक को कोई उपचार नहीं दिया जाना चाहिए।