अभिजीत दीपके हमारा अपना ही लड़का, बौद्ध है, रिजिजू ने CJP प्रमुख पर जताया अपनापन, फिर छात्र होने पर उठाए सवाल
नई दिल्ली। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके और हालिया छात्र आंदोलन को लेकर सवाल उठाए हैं। रिजिजू ने दावा किया कि दीपके आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता हैं और उनकी छात्र के रूप में पहचान पर भी सवाल खड़े किए। हालांकि, उन्होंने दीपके के प्रति नरम रुख अपनाते हुए उन्हें अपना ही लड़का बताया।
दरअसल, हाल ही में सीजेपी के बैनर तले दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस आंदोलन को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी काफी चर्चा हुई। इसी संदर्भ में समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में किरेन रिजिजू ने अभिजीत दीपके और आंदोलन को लेकर अपनी बात रखी।
‘अभिजीत दीपके हमारा अपना ही लड़का है’
रिजिजू ने दीपके का जिक्र करते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र से हैं और बौद्ध समुदाय से आते हैं। उन्होंने कहा, “अभिजीत दीपके हमारा अपना ही लड़का है।” हालांकि, इसके बाद उन्होंने दीपके के छात्र होने पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि वह आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।
रिजिजू ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ है तो उसे छात्र आंदोलन का प्रतिनिधि कैसे माना जा सकता है। उन्होंने सवाल किया कि दीपके छात्र कैसे हो गए, जबकि उनके बारे में राजनीतिक दल से जुड़े होने की बात सामने आती है।
‘छात्रों की आड़ में राजनीतिक रोटियां सेक रहे दल’
केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव या राजनीतिक स्तर पर हारने के बाद कुछ दल छात्रों के मुद्दों की आड़ में अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह छात्रों के आंदोलनों को राजनीतिक रंग देना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
हालांकि, रिजिजू ने यह भी माना कि छात्रों की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताएं जायज हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की समस्याओं को सुना जाना चाहिए, लेकिन राजनीतिक दलों द्वारा आंदोलनों को अपने कब्जे में लेना उचित नहीं है।
आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था पर भी बोले रिजिजू
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर रिजिजू ने कहा कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा। उन्होंने दावा किया कि इतने बड़े प्रदर्शन के बावजूद किसी व्यक्ति को खरोंच तक नहीं आई।
रिजिजू ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि इसके बावजूद सरकार के खिलाफ छात्रों के दमन की झूठी कहानी बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की जायज मांगों को सुनने के लिए तैयार है, लेकिन आंदोलनों को राजनीतिक उद्देश्य के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
